नरायनपुर। सोनभद्र ,चन्दौली व मिर्जापुर जनपद के प्रचलित श्मशान घाट,नरायनपुर रैपुरिया मार्ग के ध्वस्त मार्ग को लेकर बुधवार को ग्रामीणो ने जोरदार विरोध प्रदर्शन कर नारेबाजी किया। ग्रामीणों ने चेतावनी दिया कि अविलंब आरसीसी मार्ग, नाली का निर्माण नहीं कराया गया तो ग्रामीण सड़क पर उतरकर उग्र धरना प्रदर्शन को बाध्य हो जाएंगे।
ज्ञात हो वाराणसी मिर्जापुर मुख्य मार्ग पर नरायनपुर रैपुरिया लिंक मार्ग की दूरी पंद्रह सौ मीटर है। पीडब्लूडी विभाग द्वारा एक वर्ष पूर्व मनमने ढंग से मरम्मत कराया गया था, लेकिन जलनिकासी के अभाव मे मार्ग पर बह रहे नाबदान के पानी व रूटडायवर्जन के दौरान भारी वाहनों के आवागमन से उक्त मार्ग पूर्णतया ध्वस्त हो गया। रूटडायवर्जन के समय ध्वस्त होते मार्ग को लेकर पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने आश्वासन दिया था कि आरसीसी मार्ग निर्माण के बाद मुख्य मार्ग से आवागमन शुरू होते ही उक्त ध्वस्त मार्ग का मरम्मत करा दिया जायेगा। लेकिन आज तक मरम्मत नहीं कराया गया। अब स्थिति यह है कि उक्त मार्ग पर पैदल चलना मुश्किल हो गया है। मार्ग पर रात दिन शव लेकर जाने वाले शव यात्री मार्ग में पानी भरे गड्ढो व कीचड़ में फंस कर गिर जा रहे है। भोर से ही मार्ग पर जाने वाले नित्य गंगा दर्शनार्थी व स्नानार्थियों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। बता दे कि उक्त मार्ग पर सूरदास महराज का आश्रम ,स्वामी विवेकानन्द गंगा घाट व तीन जनपदो के शव दाह के लिए प्रचलित श्मशान घाट है। भोर से गंगा मे स्नान करने वाले व दिन रात शव यात्रियो का आवागमन लगा रहता है । धार्मिक पर्वो पर लाखों स्नानार्थी गंगा में स्नान करने को आते है। ऐसे अति महत्वपूर्ण बदतर मार्ग का कोई पुरसाहाल नहीं है। जनप्रतिनिधियों से बार -बार लिखित व मौखिक मांग के बाद भी कोई कार्यवाही नही होने पर आक्रोशित ग्रामीणो ने जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मोदी योगी सरकार में भी लोगों को धार्मिक कार्यो में बाधा पड़ रही है। प्रदर्शन करने वालो में विजय कुमार प्रजापति ,बाबा राम ,संजय जायसवाल ,दिनेश शर्मा ,कल्लु खां ,महेश सोनकर ,अजय सिह ,जवाहर ,विवेक आदि सम्मिलित रहे।