लेखपाल संघ के तत्वावधान में आठ सूत्रीय मांग को लेकर लेखपालों का कार्य बहिष्कार बुधवार को भी जारी रहा। कार्य बहिष्कार के चलते तहसीलों में आने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आय जाति व निवास बनवाने वाले लोगों को बहुत मायूस होकर लौटना पड़ रहा है। वहीं कार्य बहिष्कार के दौरान सदर तहसील अध्यक्ष विजय शंकर यादव ने कहा कि लेखपालों की जायज मांगों के पूरा होने तक आंदोलन चलता रहेगा। सरकार द्वारा मांगों को पूरा नही किया गया तो आंदोलन को तेज किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रोन्नत, आधारभूत सुविधा और संसाधन, वेतन उच्चीकरण, वेतन विसंगति, पेंशन विसंगति, भत्तों में वृद्घि, प्रस्तावित राजस्व उप निरीक्षक सेवा नियमावली 2017 को कैबिनेट द्वारा पारित कराने, लैपटाप और स्मार्ट फोन देने की मांग किया। कहा कि मांगों के पूरा होने तक आंदोलन अनवरत चलता रहेगा, जिसमें 26 जून से दो जुलाई तक संसाधनों के अभाव में ई डिस्ट्रिक्ट के तहत जारी होने वाले आय, जाति, निवास प्रमाण पत्रों के सत्यापन कार्य का पूर्णतया बहिष्कार किया जाएगा। वहीं तीन जुलाई से सात जुलाई तक संपूर्ण कार्य का बहिष्कार करते हुए प्रात: 10 से शाम चार बजे तक धरना प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद भी मांगें पूरी नही होने पर नौ जुलाई से संपूर्ण कार्य का बहिष्कार करते हुए जनपद मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान मंत्री बेनु यादव, तमन्ना बेगम, गोविंद तिवारी, अंगद सिंह यादव, रामजी मौर्य, विजेंद्र सिंह, सुनील कुमार दुबे, आदि मौजूद रहे।