मिर्जापुर। अनगढ़ स्थित बीएसएनएल कार्यालय पर बीएसएनएल इंपलाइज यूनियन के तत्वावधान में मांगों को लेकर कर्मचारियों ने मंगलवार से सत्याग्रह आंदोलन शुरू कर दिया। बीएसएनएल कर्मचारियों का यह आंदोलन तीन फरवरी तक अनवरत चलेगा। इस दौरान कर्मचारी पुरानी पेंशन लागू करने और सहायक टावर कंपनी निर्माण के फैसले को वापस करने की मांग की।
जिला मंत्री नागेंद्र सिंह ने कहा कि एक जनवरी 2017 से पेंशन संशोधन किया जाए। इसके साथ ही वेतन संसोधन के समय छूटे हुए पुराने मामलों का समाधान किया जाए। कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति आयु को 58 वर्ष नहीं किया जाए। बीआरएस की व्यवस्था लागू न की जाए। जिला सचिव मान सिंह पटेल ने कहा कि सरकार बीएसएनएल कर्मचारियों के हितों की अनदेखी कर रही है। जिला सचिव सुशील कुमार तिवारी ने कहा कि तीसरे वेतन संशोधन को शीघ्र से लागू किया जाए। जिला सचिव धीरेंद्रधर दूबे ने कहा कि सहायक टावर कंपनी निर्माण को वापस लिया जाए। धरना प्रदर्शन के दौरान वंशराज पाल, गौरीश कुमार कौशल, इंद्रप्रकाश, आरके अग्रवाल, पुष्पा देवी, रीता, अनुसुईया आदि ने विचार व्यक्त किया। इस दौरान निर्मला, ललित मोहन मिश्रा, शिव प्रसाद, किशन लाल, रामलखन, बीआर यादव, जेपी गुप्ता, त्रिभुवन, अमृतांश, वंशराज, लालजी प्रसाद, दिनेश तिवारी, रमाशंकर मिश्रा आदि मौजूद रहे।