धान क्रय में हो रहे शोषण व ढिलाई को लेकर किसान अधिकार कल्याण सेवा समिति के बैनर तले 12 दिसंबर से शाहगंज रोड पर धरना सोमवार को भी जारी रहा। सोमवार को डिप्टी आरएमओ धरनारत किसानों के पास पहुंचे। उन्होंने धरनारत किसानों के समाधान का आश्वासन दिया बावजूद किसान अपनी मांगों पर अड़े रहे। किसानों से कहा कि धान खरीद में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
धरनारत किसानों ने कहा कि सरकार द्वारा राजगढ़ क्षेत्र में कुल 13 क्रय केंद्र खोले गए हैं, जिनमें पीसीएफ, कर्मचारी कल्याण निगम, ओम, शिवाय, कृष्णा उपभोक्ता समिति पर किसानों से खरीद नहीं हो रही है। मड़िहान तहसील के धान क्रय के नोडल अधिकारी की लापरवाही से किसान परेशान हैं। व्यापारी सस्ते दामों पर किसान का धान खरीद कर उसी की खतौनी पर सरकारी दर पर क्रय केंद्रों में बेच रहे हैं। जिस केंद्र पर दिन में एक कुंतल धान की खरीद नहीं हुई, वहां शाम तक तीन सौ कुंतल की खरीद दिखाई जा रही है। किसानों ने कहा कि खाद्य विभाग पर दो काटा लगा होने के बावजूद दो सौ कुंतल धान खरीद हो रही है। धरना स्थल पर पहुंचे डिप्टी आरएमओ रतन कुमार शुक्ल ने धरनारत किसानों को आश्वस्त किया, कि वे किसानों की लिस्ट दें, जिससे सभी किसानों का धान खरीद हो सके। अध्यक्ष देव शरन सिंह ने कहा जब तक गलत तरीके से हो रही धान की खरीद की स्थलीय जांच नहीं होगी घरना समाप्त नहीं होगा। इस दौरान अरविंद सिंह, कमल कुमार, विनोद कुमार सिंह, मुन्ना सिंह, कल्लू विश्वकर्मा, बिहारी सेठ आदि मौजूद रहे।