मिर्जापुर में कोविड- 19 के चलते इस समय अस्पतालों की ओपीडी बंद चल रही है। इसी बीच शनिवार को मंडलायुक्त योगेश्वर राम मिश्र ने मंडल के तीनों जिलों के चिकित्सकों की दूरभाष से उपस्थिति का सत्यापन किया तो 31 चिकित्सक अनुपस्थित मिले। यही नहीं कई तो मुख्यालय से भी बाहर मिले। इस पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जतायी है।संबंधिति सीएमओ व सीएमएस से स्पष्टीकरण मांगा गया है। कहा गया है कि वे चिकित्सकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण दें।
मंडलायुक्त ने मिर्जापुर, सोनभद्र व भदोही के चिकित्सकों की उपस्थिति का शनिवार को सत्यापन किया। इस जांच में मिर्जापुर के नौ चिकित्सक, सोनभद्र के 12 तथा भदोही के 11 चिकित्सक अपनी ड्यूटी से अनुपस्थित अथवा मुख्यालय से बाहर मिले। मंडलायुक्त ने इस अनुपस्थिति को गंभीरता से लिया है। उन्होंने संबंधित जिलाधिकारी को निर्देशित किया है कि वे चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित कराएं। अपरिहार्य स्थिति में जिलाधिकारी से पूर्वानुमति लेकर ही कोई चिकित्सक अवकाश अथवा मुख्यालय के बाहर जाएंगे।