जिले में श्रीअन्न की खरीद शुरू हुए 26 दिन बीत गए। अभी तक किसी भी केंद्र पर एक किलो भी श्रीअन्न की खरीद नहीं हुई है। जिले में श्रीअन्न की खरीद के लिए चारों तहसील क्षेत्र में 10 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। डिप्टी आरएमओ संजीव कुमार सिंह ने बताया कि श्रीअन्न की खरीद एक अक्तूबर से शुरू है।
जिले में पिछले वर्ष से ज्वार, बाजरा व मक्का (श्रीअन्न) की सरकारी क्रय केंद्रों से खरीद की जा रही है। पिछले वर्ष ज्वार व बाजरा की तो खरीद हुई लेकिन मक्का की खरीद नहीं हो सकी थी। पिछले वर्ष 284 किसानों की ओर से 746. 85 टन बाजरा खरीदा गया था। इस वर्ष भी श्री अन्न की खरीद के लिए सदर तहसील में सिटी, छानबे, पहाड़ी व मझवां विकास खंड में एक- एक क्रय केंद्र खोले गए हैं। चुनार तहसील में नरायनपुर व जमालपुर विकास खंड में एक- एक क्रय केंद्र, लालगंज में लालगंज व हलिया विकास खंड, मड़िहान के पटेहरा व राजगढ़ विकास खंड में एक- एक क्रय केंद्र खोले गए हैं। जिले में अभी फसल कट रही है। दिसंबर तक खरीद होनी है। संभावना है कि नवंबर से श्रीअन्न की खरीद जोर पकड़ लेगी। किसान पूछताछ कर रहे हैं।