चुनार थाना क्षेत्र के दुर्गा जी मोड़ से पुलिस ने बृहस्पतिवार को सुबह गैंगस्टर एक्ट, गो वध निवारण अधिनियम के मुकदमे में फरार चल रहे 25 हजार के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इनामी आरोपी प्रदीप उर्फ बबलू उर्फ संजय वर्मा निवासी ग्राम रामपुर बंतरा थाना नंदगंज जिला गाजीपुर के खिलाफ अदलहाट थाने में मुुकदमा दर्ज हुआ था।
पुलिस उपाधीक्षक रामानंद राय ने कोतवाली में पत्रकार वार्ता कर बताया कि आरोपी छह माह से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ अपर पुलिस अधीक्षक की तरफ से 25000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। अपराधियों की धर पकड़ के लिए चलाए गए अभियान के दौरान सुबह प्रभारी निरीक्षक चुनार त्रिवेणी लाल सेन पुलिस बल के साथ क्षेत्र में निकले थे। इस दौरान पुलिस के देखकर आरोपी भागने लगा। जिसे पुलिस ने दौड़ा कर पकड़ लिया। उन्होंने बताया कि आरोपित के खिलाफ अदलहाट थाने के अलावा जनपद गाजीपुर के करंडा थाने में धोखाधड़ी और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत भी मुकदमा पंजीकृत किया गया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक चुनार त्रिवेणी लाल सेन, चौकी प्रभारी कस्बा सुखबीर सिंह, उपनिरीक्षक योगेंद्र नाथ यादव आदि शामिल रहे।