ड्रमंडगंज। हलिया थाना क्षेत्र के महुगढ़ी देवहट निवासी हरिदास उर्फ लल्लन की खुदकुशी मामले में मृतक के पुत्र रामकृष्ण की तहरीर पर पुलिस ने शुक्रवार को थानाध्यक्ष हलिया समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। सभी पर साजिश के तहत हरिदास को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है। पुलिस अधीक्षक शालिनी ने मामले में लापरवाही सामने आने पर थानाध्यक्ष प्रवीण सिंह को लाइन हाजिर करते हुए उनके स्थान पर पीआरओ रहे विश्वज्योति राय को हलिया का नया थाना प्रभारी बनाया है। हरिदास के शव का रात में ही पोस्टमार्टम करा दिया गया था। शुक्रवार की सुबह शिवपुर घाट पर अंत्येष्टि की गई। एहतियात के तौर पर गांव में चार थानों की पुलिस तैनात की गई है।
महुगढ़ी देवहट निवासी हरिदास उर्फ लल्लन ने गुरुवार की सुबह पुलिस उत्पीड़न और बहन के प्रधानमंत्री आवास के लिए ताजिया चौक के पास खोदी गई नींव को ताजिया के लिए पाटने के साथ ही निर्माण सामग्री गायब करने से क्षुब्ध होकर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। इसको लेकर क्रुद्ध लोगों ने पुलिस चौकी का घेराव कर थानाध्यक्ष समेत अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने और मुआवजा देने की मांग की थी। मामले में मृतक के पुत्र रामकृष्ण की तहरीर पर गुरुवार की देर रात ही पुलिस ने पूर्व प्रधान महुगढ़ी पप्पू सिंह उर्फ देवदत्त सिंह, अब्दुल हमीद, राजन, राजू, मुख्तार, बकरीदू, बाबूलाल व थानाध्यक्ष प्रवीण सिंह के खिलाफ धारा 306,120 बी के तहत मुकदमा पंजीकृत किया। शुक्रवार को मृतक के परिजनों ने शिवपुर घाट पर हरिदास का दाह संस्कार किया। तनाव के चलते गांव में जिगना के अलावा लालगंज, मड़िहान, देहात कोतवाली के अलावा दो कंपनी पीएसी, दस महिला पुलिस को तैनात किया गया है। क्षेत्राधिकारी लालगंज रमाकांत सिंह, उपजिलाधिकारी लालगंज अरविंद चौहान, एडिशनल एसपी अजय कुमार सिंह शुक्रवार को गांव में चक्रमण करते रहे। पुलिस अधीक्षक शालिनी ने पूरे मामले की जांच जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी है। एसपी शालिनी ने बताया कि मृतक के पुत्र रामकृष्ण की तहरीर पर थानाध्यक्ष समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष को लाइनहाजिर कर दिया गया है। मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी गई है। गांव में शांति का माहौल है।
गांव में चौक पर नहीं रखा गया ताजिया: ड्रमंडगंज। महुगढ़ी देवहट निवासी हरिदास की खुदकुशी के बाद बिगड़े माहौल के चलते महुगढ़ स्थित चौक पर ताजिया नहीं रखा गया। ताजियादार ने चौक पर फातिहा किया, सिन्नी चढ़ाई और वहां की मिट्टी को ले जाकर कर्बला में दफ्न किया। हरिदास की मौत के बाद गुरुवार की रात गांव में मातम छा गया। मृतक के पुत्र रामकृष्ण केशरी की मांग पर रात में ताजिया चौक पर नहीं पहुंचा। ताजियेदार हमीद व अंजुमन इस्लामिया के अध्यक्ष मिस्टर अंसारी ने कहा की वे लोग मृतक के परिजनों के साथ हैं। गांव में जो घटना हुई है वह दुखद है। ऐसे में इस वर्ष चौक पर ताजिया नहीं रखने का फैसला किया गया है। कहा कि अगले वर्ष से पूर्व की भांति ताजिया चौक के बाद कर्बला ले जाएंगे।