मिर्जापुर। मां विंध्यवासिनी की जयंती पर 28 अगस्त को नगर के पेहटी चौराहा स्थित श्री नागेश्वर नाथ मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। श्री राम सेवा समिति की शनिवार को मंदिर परिसर में हुई बैठक में भव्य शोभायात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। सदस्यों ने कहा कि मां की शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे और घंटा-घड़ियाल, शंख, डमरू बजाते संकीर्तन करते हुए पूरे नगर का भ्रमण करेंगे।
कार्यक्रम संयोजक अमित श्रीनेत ने कहा कि आदि शक्ति मां विंध्यवासिनी की जयंती पर नगर के दुर्गा देवी मुहल्ले से भव्य रथ पर मां की भव्य शोभायात्रा निकलेगी। मां की शोभायात्रा के आगे-आगे सिद्घि विनायक गणेश भगवान एवं पीछे भैरो बाबा रहेंगे। श्रीराम सेवा समिति के अध्यक्ष मयंक गुप्ता ने कहा कि 28 अगस्त को करीब तीन बजे से नगर के दुर्गा देवी मंदिर परिसर से मां विंध्यवासिनी देवी की भव्य शोभायात्रा, भव्य पूजन और आरती का कार्यक्रम होगा। मां की शोभायात्रा नगर के पेहटी के चौराहा, गिरधर का चौराहा, खजांची का चौराहा, घंटाघर, बसनही बाजार, धुंधी कटरा, गुड़हट्टी बाजार, तुलसी चौक, पैरिया टोला, चिनियहवा इनारा होते हुए पुन: कसरहट्टी स्थित मां दुर्गा देवी मंदिर पहुंचेगी जहां पूजन के बाद आरती होगी। कार्यक्रम प्रभारी शिवांशु सिंह ने कहा कि मां की भव्य शोभायात्रा को लेकर समस्त प्रकार की तैयारियों को पूरा कर लिया गया है। आयोजन को भव्य बनाने को सभी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी भी सौंप दी गई है। इस मौके पर आदित्य वर्मा, कुशाग्र गुप्ता, दिनेश सिंह, श्रीवल्स सिंह, अंश वर्मा, वरूण कसेरा, विष्णु नारायण, नितेश वर्मा, अभिषेक केशरवानी, अंकित सिंह, अविनाश सिंह, आशुतोष वर्मा, आदित्य सिंह आदि उपस्थित रहे।