जिगना। बिजली चोरी की शिकायत पर विद्युत विभाग की विजिलेंस टीम ने अवर अभियंता रमन चतुर्वेदी के साथ शनिवार को छानबे ब्लाक के महुआरी कला एवं अर्गजा पांडेयपुर गांव में छापेमारी की। इस दौरान महुआरी कला की प्रधान के पति समेत नौ लोगों चोरी से बिजली जलाते पाया गया। इन सभी नौ लोगों के खिलाफ टीम ने विंध्याचल कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया।
पिछले कई दिनों से लखनऊ की विजिलेंस टीम को लगातार सूचना मिल रही थी कि विंध्याचल थाना के क्षेत्र के महुवारी कला एवं अरगजा पांडेयपुर गांव में कई लोगों द्वारा चोरी से बिजली जलाई जा रही है। इसके बाद विजिलेंस की टीम ने अवर अभियंता रमन चतुर्वेदी के नेतृत्व में महुवारी कला व अर्गजा पांडेयपुर गांव में शनिवार को छापेमारी करने पहुंची। इस दौरान टीम ने पाया कि प्रधान पति की ओर से अवैध रूप से कनेक्शन जोड़वा कर आटा चक्की चलाई जा रही है। इसके अलावा शिव कुमार यादव, जीतबहादुर पाल, रामप्रताप, लालमणि पाल आदि भी बिजली की चोरी करते पाए गए। टीम ने नौ लोगों को विद्युत चोरी में पकड़े जाने पर उनके विरुद्घ विंध्याचल थाने में तहरीर देकर मुकदमा पंजीकृत कराया। जांच टीम में विजिलेंस इंस्पेक्टर पंकज कुमार यादव, अवर अभियंता आर के सोनकर एवं तीन कांस्टेबल मौजूद रहे। अवर अभियंता ने सभी से वैध संयोजन एवं भार स्वीकृत कराकर ही बिजली का उपयोग करने का निर्देश दिया।