मिर्जापुर। प्रभारी जिलाधिकारी/सीडीओ प्रियंका निरंजन ने बुधवार को पथरहिया स्थित विकास भवन में स्थित कार्यालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विकास भवन में गंदगी मिलने और दीवालों पर लोगों द्वारा थूके जाने पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि यदि कोई कर्मचारी पान खाकर थूकता है तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही कर्मचारियों अथवा अन्य लोगों पर एक हजार का अर्थ दंड लगाया जाएगा।
प्रभारी जिलाधिकारी ने कहा कि विकास भवन परिसर को स्वच्छ रखना सब की जिम्मेदारी है, गंदगी करने वालों को कत्तई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है, वहीं विकास भवन में गंदगी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पान खाकर दीवारों पर थूकने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी अभय कुमार सिंह, सहायक निदेशक मत्स्य मुकेश सारंग आदि मौजूद रहे।
इनसेट
गांवों में चला कुंडी खटखटाओ अभियान
मिर्जापुर। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत गांवों में अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता और शौचालय के प्रयोग के लिए लोगों को जागरूक किया गया। इस दौरान गांवों में कुंडी खटखटाओ अभियान चलाया गया। घर घर जाकर लोगों को स्वच्छता की जानकारी दी गई। विकास खंड कोन में बीसी सरिता शुक्ला ने लोगों को शौचालय के उपयोग के लिए जागरूक किया। विकास खंड सिटी के लोहंदी कला गांव में एडीओ पंचायत विजय मौर्य और बीसी मनीष पांडेय, प्रधान सुचिता तिवारी ने लोगों को स्वच्छता का महत्व बताया। पटेहरा ब्लॉक के लालापुर और सिरसी में एडीओ पंचायत अरुण कुमार और बीसी कीर्ति ने शौचालयों का सत्यापन और स्थलीय निरीक्षण किया।
इनसेट
झाड़ू लगाकर स्वच्छता का दिया संदेश
फोटो
स्वच्छता को जीवन में उतारें ग्रामीण: अनुराग
अमर उजाला ब्यूरो
नरायनपुर। क्षेत्र के जलालपुर माफी स्थित पंचायत भवन में स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान 2018 कार्यक्रम का शुभारंभ चुनार विधायक अनुराग सिंह ने किया । विधायक ने गांव में झाड़ू लगाकर स्वच्छता और पौधरोपण करके लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कहा कि अभियान की सफलता के लिए जनता में जागरूकता नितांत जरूरी है। अभियान को सफल बनाने के लिए जनता को आगे आना होगा।
चुनार विधायक ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान 2018 पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत लोगों को शौचालय बनवाने और उसके प्रयोग के लिए बल दिया जा रहा है। जनता स्वच्छता को अपने जीवन में उतारे। जन जागरूकता बिना स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण अभियान को सफल नहीं बनाया जा सकता है। चुनार विधायक ने कहा कि खुले में शौच मुक्त होने वाले गांवों को वह सम्मानित करेंगे। इस दौरान नाली की सफाई किया गया। गांव में 30 स्थानों पर लोगों के लिए कूड़ादान रखवाया गया। जलालपुर माफी गांव में ठेले के माध्यम से कूड़ा उठाने की व्यवस्था शुुरू किया गया है। विधायक ने लोगों को पोस्टर और पंफलेट का वितरण किया। बीडीओ घनश्याम गुप्ता ने ग्रामीणों को स्वच्छता का महत्व बताया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रपति महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। संचालन करते हुए एडीओ पंचायत संतोष श्रीवास्तव ने लोगों को शौचालय बनवाने और साफ-सफाई रखने के लिए प्रेरित किया। बीसी राज कुमार शर्मा, ग्राम पंचायत अधिकारी राजेश वर्मा, प्रशांत सिंह, जगदीश सोनकर, नागेंद्र सिंह सहित प्रधान, स्वच्छताग्रही, सफाई कर्मी आदि मौजूद रहे।
इनसेट
स्वच्छता पखवारे का हुआ समापन
मिर्जापुर। स्वच्छता स्वास्थ्य का मूल मंत्र है। यह हमारे संस्कृति और समाज की संजीवनी है। ये बातें सहायक श्रमायुक्त एसके पाठक ने जन शिक्षण संस्थान द्वारा आयोजित स्वच्छता पखवारा में बुधवार को समापन अवसर पर कही। इस अवसर पर उन्होंने श्रमिक विद्यालय के बच्चों तथा विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता प्रतियोगिता में विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किया। उन्होंने श्रमिक वर्ग में फैली कुरीतियों को समाप्त कर स्वच्छ शौचालय और स्वच्छ दिनचर्या के माध्यम से स्वस्थ्य भारत बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डा कैलाशपति त्रिपाठी व संचालन अखिलेश शुक्ल ने किया। इस अवसर पर नाबार्ड के पूर्व जिला प्रबंधक सुनील जैन, रमा पांडेय, सुरेन्द्र दुबे, डा सुनीता त्रिपाठी आदि ने स्वच्छता पर प्रकाश डाला।
विकास योजनाओं के बारे में बताया
विभिन्न ग्राम पंचायत में खुली बैठक हुई
अमर उजाला ब्यूरो
मिर्जापुर। स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान के तहत सिटी विकास खंड के विभिन्न ग्राम पंचायत में खुली बैठक हुई। बैठक के माध्यम से ग्राम विकास एवं पंचायत अधिकारियों ने भारत सरकार व उत्तर प्रदेश सरकार के द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की न सिर्फ ग्रामीणों को जानकारी दी बल्कि सुविधाओं से वंचित पात्र व्यक्तियों के नाम सूची में शामिल किया।
बुधवार को अरगजा पांडेयपुर में ग्राम प्रधान हरिशंकर दुबे की अध्यक्षता में हुई खुली बैठक में ग्राम विकास अधिकारी शशिकांतधर दुबे ने गरीबों के लिए चलाए जाने वाले विकास योजनाओं की जानकारी दी। खुली बैठक में मुख्यमंत्री आवास योजना, वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, पात्र गृहस्थी योजना में पात्रता की श्रेणी में आने वाले व्यक्तियों का चयन किया गया। ग्राम विकास अधिकारी कौशलेन्द्र राय ने मगरदाकला व दुबरा पहाड़ी में मंगलवार को खुली बैठक का आयोजन किया। ग्राम विकास अधिकारी ने मंगलवार को मगरदाकला में मुख्यमंत्री आवास योजना में 24, वृद्धावस्था पेंशन हेतु 45, विधवा पेंशन के लिए 7 व पात्र गृहस्थी योजना के लिए 46 पात्र लोगों के नाम सूची में शामिल किए गए। इसी तरह दुबरा पहाड़ी गांव में हुई खुली बैठक के दौरान सीएम आवास योजना में 68, वृद्धावस्था पेंशन के लिए 65, विधवा पेंशन के लिए 11, दिव्यांग पेशन के लिए 8 व पात्र गृहस्थी में 85 व्यक्तियों के नाम सूची में शामिल किए। बैठक में मगरदाकला में ग्राम प्रधान केशव प्रसाद प्रजापति व दुबरा पहाड़ी में प्रधान उर्मिला देवी मौजूद रही।
स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान का हुआ उद्घाटन
सफाई अभियान चला दिया गांवों में स्वच्छता संदेश
अमर उजाला ब्यूरो
मिर्जापुर। सिटी विकास खंड के जिगनौड़ी में स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान का उद्घाटन बुधवार को किया गया। इस अवसर पर मिशन मोदी अगेन पीएम के जिलाध्यक्ष रामवृक्ष बिन्द ने पौधरोपण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि डीसी मनरेगा मो नफीस व विशिष्ट अतिथि के रुप में खंड विकास अधिकारी सिटी नीरज दुबे मौजूद रहे।
ग्रामीणों को संबोधित करते डीसी मनरेगा मो नफीस ने कहा कि भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान एक अगस्त से 30 अगस्त 2018 तक गांव-गांव सफाई अभियान चलाकर आम जन मानस में स्वच्छता संदेश दिया जाएगा। खंड विकास अधिकारी नीरज दुबे ने कहा कि चलाए गए अभियान में ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम प्रधानों के साथ लोगों द्वारा बढ़चढ़ कर हिस्सा लिए जाएंगे। खंड विकास अधिकारी ने कहा कि जब हमारा पास पड़ोस स्वच्छ व साफ सुथरा रहेगा तभी हम स्वस्थ्य रह सकते है। कार्यक्रम को ब्लाक कोआर्डिनेटर विभा बिन्द व ग्राम प्रधान अनार देवी ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर तकनीकि सहायक अंशुमान पांडेय, नवीन राजकीय हाईस्कूल एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक व छात्र छात्राएं मौजूद रहे।