मिर्जापुर। विंध्याचल मंडल के 185 क्रय केंद्रों पर अब तक एक लाख 31 हजार मीट्रिक टन गेहूं खरीद हो चुकी है। क्रय केंद्रों पर गेहूं बेचने के लिए किसानों की भीड़ लग रही है। वहीं विभाग किसानों से खरीदे गए गेहूं के भंडारण को लेकर परेशान है। क्रय केंद्रों पर काफी धीमी गति से खरीद की जा रही है जिससे किसानों में काफी रोष है।
विन्ध्याचल मंडल के सोनभद्र में 36 हजार 398 एमटी, संत रविदास नगर भदोही में 16 हजार 879 एमटी जबकि मिर्जापुर में 78 हजार 159 एमटी गेहूं की खरीद हो चुकी है, जबकि अभी 15 जून तक खरीद होनी है। मंडल में खाद्य विभाग के 26 केद्रों पर 34446 एमटी, पंजीकृत सहकारी समिति 41 केंद्रों पर सर्वाधिक 57936 एमटी, पीसीएफ के 94 केंद्रों पर 30 हजार आठ एमटी, यूपी एग्रो के चार केंद्रों पर 1209 एमटी, कल्याण निगम के छह केंद्रों पर 3155 एमटी, यूपी पीसीयू के 10 केंद्रों पर 4455 एमटी, नेफेड के एक क्रय केंद्र पर 224 एमटी तथा एफपीओ के एक क्रय केंद्र पर एक एमटी 20 कुंतल गेहूं की खरीद की गई है।
विंध्याचल मंडल में एक दिन में एक हजार क्विंटल गेहूं की खरीद करने वाले केंद्रों की जांच होगी। संभागीय खाद्य नियंत्रक रवि कुमार ने बताया कि सरकार केंद्रों को बिचौलियों से मुक्त करने की कवायद कर रही है। इसके लिए इस वर्ष केंद्रों पर हुई खरीद की जांच कराई जा रही है। इसके तहत एक दिन में एक हजार कुंतल से अधिक खरीद होने की जांच की जाएगी। इस दौरान किसान से खरीदे गए खसरा खतौनी आदि का मिलान करते हुए बिंदुवार जांच की जाएगी। इसके लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर टीम गठित की गई है। इस निर्णय से क्रय केंद्र प्रभारियों में हड़कंप मचा है।
संभागीय खाद्य नियंत्रक रवि कुमार ने बताया कि विंध्याचल मंडल के सभी क्रय केंद्रों पर किसानों से गेहूं खरीदने का निर्देश दिया गया है। लक्ष्य से अधिक 111 प्रतिशत गेहूं खरीद हो चुकी है। गेहूं के भंडारण की समुचित व्यवस्था की गई है।