अनपरा । थाना क्षेत्र के औड़ी मोड़ निवासी एक युवक की शुक्रवार की देर रात नौ बजे करेंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। दुकान के सामने बिजली के खंभे में उतरा करेंट जिस रॉड में प्रवाहित हो रहा था, उसे पकड़ने से युवक की मौत हुई है। इस वाकया के उपरांत लोगों में आक्रोश है।
औड़ी निवासी दीपू केशरी (25) पुत्र कैलाश केशरी हमेशा की तरह अपने घर से औड़ी नेहरु चौराहे के समीप रेलवे क्रासिंग के पास दुकान शुक्रवार को मौजूद था। रात करीब नौ बजे के आसपास वह दुकान के बाहर खड़ा था। इसी दौरान दुकान के सामने लगे बिजली के खंभे से सटा लोहे के राड पर उसका हाथ जा पड़ा। जिसकी वजह से वह करेंट की चपेट में आ गया। हादसे के बाद घटना स्थल पर कोहराम मच गया। करेंट से जोर का झटका लगने से वह गिर कर अचेत हो गया। स्थानीय लोगों द्वारा आनन-फानन में दीपू को परियोजना चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, लेकिन वहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पहुंची अनपरा पुलिस ने अस्पताल में पंचनामे के लिए कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेजवा दिया गया । इस संबंध में स्थानीय लोगों ने इस घटना के पीछे पीसीएल की लापरवाही करार देते हुए पीड़ित परिसर को मुआवजा दिए जाने की मांग की है।