कछवां। नगर पंचायत कछवां में अतिक्रमण हटाओ अभियान पूरी तरह फ्लाप रहा। नतीजतन नगर में जाम लाइलाज बन गया है। घनी आबादी के बीच सड़कों पर विगत एक दशक से लोगों ने अतिक्रमण किया है। सड़क के दोनों पटरियों पर अतिक्रमण करने से आए दिन प्रमुख मार्गें पर जाम लगा रहता है। जाम की समस्या से ऊब चुके हैं। क्षेत्र के लोगों ने जाम से निजात दिलाने की मांग की है।
नगर पंचायत कछवां में स्थित क्रिश्चियन स्कूल से नगर पंचायत कार्यालय तक, जमुआ चौराहा से स्टेट बैंक तक, पूर्व माध्यमिक विद्यालय कछवां से जमुआ चौराहा तक एवं मुख्य बाजार की उत्तर गली में दुकानदारों ने नाला के ऊपर मकान बना लिया है। जिससे रास्ता संकरा हो जाने के कारण जाम की समस्या बनी रहती है। नगरवासियों की शिकायत पर नगर पंचायत प्रशासन ने अक्तूबर में अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया था, लेकिन यह अभियान पूरी तरह से असफल रहा। अभियान वर्ष भर में मात्र एक या दो दिन ही चल पाया। जिससे नगरवासी जाम की समस्या उबर नहीं पा रहे हैं। अक्तूबर में अतिक्रमण के विरूद्घ अभियान के दूसरे ही दिन लोगों ने फिर से अतिक्रमण कर लिया। लोगों द्वारा सड़क के किनारे गोमती, अंडे की दुकान, फल की दुकान, मुर्गा व मीट की दुकान सड़कों पर लगा लिया गया, जबकि अभियान के दौरान 10 दुकानों को हटाया गया था तथा प्रति दुकानदार से पांच सौ रुपया जुर्माना भी वसूल किया गया था। इसके बावजूद अतिक्रमण करने वाले अपनी जगह पर दोबारा काबिज हो गए। जाम से निजात के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। उधर नगर पंचायत प्रशासन अतिक्रमण हटाने की बात पर पुलिस को जिम्मेदार बता रहा है, तो पुलिस प्रशासन अतिक्रमण हटाने की जिम्मेदारी नगर पंचायत की बता कर किनारा कर लेते हैं।