अहरौरा। गरीबों सिर पर छत मुहैया कराना हमारी सरकार की प्राथमिकता है। आने वाले समय में प्रदेश में ऐसा कोई भी व्यक्ति नहीं होगा, जिसके पास अपना घर न हो। यह बात मंगलवार की शाम निर्मलवा पहाड़ पर आसरा आवास के आवंटन समारोह में प्रभारी मंत्री राजेश अग्रवाल ने कही ।
उन्होंने कहा कि हर घर में बिजली और शौचालय का सपना तभी पूरा होगा जब गरीब के पास अपना घर हो। सत्ता में आने से पहले बीजेपी ने जो वायदे किए थे अब उसे पूरे किए जा रहे हैं। हमारी सरकार ने किसानों का 36 हजार करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया जो कोई और सरकार नहीं कर सकती थी। उन्होंने दो करोड़ की लागत से बने 48 आसरा आवास की चाबी और 150 शहरी और ग्रामीण प्रधानमंत्री आवास योजना का स्वीकृति पत्र लाभार्थियों को दिया। आवास आवंटन से मंत्री ने वास्तु पूजन किया । स्वास्थ उपकेंद्र भैंसा, जाफराबाद , सांदवा और कंतित का लोकार्पण भी किया गया। इनको एनएचएम के तहत बनवाया गया है। विधायक अनुराग सिंह, राहुल प्रकाश कोल, जिलाधिकारी विमल दुबे , एसडीएम सुनील मिश्रा, ईओ विनय तिवारी, सुरेश जायसवाल,हेमंत सिंह, दिनेश प्रताप सिंह ,अमित श्रीनेत,प्रभाल सिंह ,अशोक सिंह, सुरेश जायसवाल मौजूद रहे।
बोहनी खराब हो गई
अहरौरा। आवास प्रमाणपत्र के लिए महिला लाभार्थी का नाम पुकारा गया तो उसका पति आ गया। इस पर मंत्री ने पूछा कि महिला को बुला रहा हूं तो तुम कहां से आ गए? और मुस्कुराते हुए कहा कि बोहनी ही खराब कर दी। उसके स्थान पर दूसरे पात्र को बुलाया गया।