जमालपुर। मुख्यमंत्री समग्र गांव बियरही के ग्रामीणों ने रविवार को ट्रांसफार्मर के पास एकत्रित हो धरना-प्रदर्शन किया। दो महीने से गांव ठप विद्युत आपूर्ति से नाराज ग्रामीणों ने विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सौभाग्य योजना के तहत ठेकेदार द्वारा दो महीने पहले गांव में खंभा, केबल व तार लगाया गया था। उपभोक्ताओं के घर पर मीटर भी लगा दिया गया। गांव में लगे एलटी तार को ठेकेदार द्वारा दो महीने पूर्व काट दिया गया। ग्रामीणों ने कहा कि बिजली विभाग एवं ठेकेदार की उदासीनता से गांव दो माह से अंधेरे में हैं। बिजली न रहने से आवश्यक कार्य प्रभावित हो रहा है। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने तत्काल बिजली सप्लाई चालू कराए जाने की मांग की है। सहायक अभियंता आर.के यादव ने कहा मामले की जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा सौभाग्य योजना में चयनित गांव है टेक्निकल रिपोर्ट का इंतजार है। लेकिन बिजली क्यों काटी गई इसकी जांच कराई जाएगी। प्रदर्शन करने वालों में ग्राम प्रधान लालमनी बियार, दुर्गा, राधिका, कन्हैया बियार, अमित कुमार, चंदन, मुराही, मुन्नी, उर्मिला, संतोष, बाढू, दासू, रामदेई व शिवदास सहित भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
घरों में मीटर तो लगा दिया पर काट दी गांव की बिजली