मिर्जापुर। स्थानीय रेलवे स्टेशन के अप लाइन पर प्लेटफार्म तीन से कुछ ही दूरी पर बुधवार को अचानक सिग्नल लाल होने से कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। सिग्नल लाल होते ही हावड़ा से दिल्ली की ओर जा रही मालगाड़ी के चालक ने गाड़ी रोक दी। एलसीपी पर सिग्नल लाल दिखते ही स्टेशन मास्टर समेत अन्य अधिकारी हलकान हो गए और तत्काल मौके पर पहुंचकर गड़बड़ी को दुरुस्त कराया। तब जाकर परिचालन शुरू हुआ।
बुधवार की दोपहर सवा एक बजे के लगभग प्लेटफार्म से कुछ ही दूरी पर अप लाइन का अचानक सिग्नल लाल हो गया। जिससे चुनार से इलाहाबाद की तरफ जा रही मालगाड़ी का चालक कुछ समझ नहीं पाया और सिग्नल लाल देख गाड़ी को रोक दिया। गाड़ी रूकते ही डिप्टी एसएस आफिस कार्यालय में लगे एलसीपी पर भी लाल सिग्नल का इशारा करने लगा। इसकी जानकारी होते ही स्टेशन मास्टर समेत स्टेशन अधीक्षक मौके पर तत्काल पहुंचकर सिग्नल को दुरुस्त कराया तब जाकर मालगाड़ी को आगे के लिए रवाना किया गया। सिग्नल रेड होने से लगभग 25 मिनट तक परिचालन ठप रहा। स्टेशन अधीक्षक रविंद्र कुमार ने बताया कि किसी शरारती तत्वा के लोगों ने सिग्नल में लोहे की राड लगा दी थी। जिससे सिग्नल लाल हो गया। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।