हलिया। लालगंज-हलिया मार्ग पर कोटा घाट के पास बेलन नदी पर पुल के निर्माण की तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य सेतु निगम की ओर से निर्माण सामग्री जुटाई जाने लगी है। 15 अक्तूबर से पुल निर्माण का कार्य शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।
नाबार्ड योजना के तहत 19 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से कोटा घाट के पास बेलन नदी पर पुल का निर्माण कराया जाना है। 15 जुलाई को चंदईपुर में आयोजित जनसभा में प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने पुल का शिलान्यास किया था। पुल का निर्माण होने से हलिया के लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत होगी। कोटा घाट पर नदी पर बना रपटा अक्सर बरसात के दिनों में पानी में डूब जाता है जिससे कई दिनों तक हलिया लालगंज मार्ग पर संपर्क कट जाता है। उधर, प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग द्वारा करीब 98 करोड़ रुपये की लागत से लालगंज से हलिया होते हुए मध्यप्रदेश की सीमा पर स्थित जड़कुड़ तक बन रही 49 किलोमीटर लंबी टू लेन सड़क का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है । ऐसे में सड़क सहित कोटा घाट पर पुल बन जाने के बाद हलिया क्षेत्र के लोगों की तहसील और जिला मुख्यालय तक समय से पहुंचने का मार्ग प्रशस्त हो जाएगा। राज्य सेतु निगम इकाई के सहायक अभियंता अनिल कुमार सिंह ने बताया कि 31 मार्च 2018 को ही नाबार्ड योजना से पुल निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत हो गई थी । पुल की डिजाइन और ड्राइंग का कार्य सितंबर के अंत तक पूरा हो जाएगा। पुल निर्माण के लिए सामग्री जुटाई जा रही है ।