संतनगर थाना क्षेत्र के जमोहरा गांव में फंदे से लटककर विनोद के मौत के बाद रोते परिजन। स्रोत- संव
- फोटो : 1
पटेहरा, मिर्जापुर। लालगंज के दुबार से 15 किमी दूर संतनगर थाना क्षेत्र के जमोहरा गांव स्थित बड़े भाई राजन के घर पहुंचकर विनोद कुमार (25) ने दरवाजा खटखटाया। जब बड़ा भाई बाहर आया तो दरवाजे पर कोई नहीं दिखा। खोजने पर घर के पास महुआ के पेड़ पर फंदे से लटके भाई का शव मिला।
संतनगर के जमोहरा गांव निवासी राजन ने बताया कि विनोद लालगंज के दुबार गांव में रहता है। बृहस्पतिवार देर रात 12 बजे साइकिल से घर पहुंचकर दरवाजा पीटने लगा। उसकी आवाज सुनकर नींद खुली। बाहर निकलकर देखा तो कोई नहीं दिखा। इधर-उधर देखते हुए महुआ के पेड़ के पास पहुंचे तो भाई पेड़ पर रस्सी के सहारे फंदे से लटका मिला। छोटे भाई को फंदे पर लटका देखकर परिवार के लोग चीखने चिल्लाने लगे। पास-पड़ोस के लोग भी जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर थाने ले आई। मृतक एक सप्ताह से रिश्तेदारी में घूम रहा था। बुधवार को अपने घर दुबार पहुंचा था। मृतक के पिता धकेलू दोनों आंख से नेत्रहीन हैं। विनोद भाईयों में सबसे छोटा था। घटना के बाद मां राधा देवी समेत सभी लोगों का रो-रोकर हाल बेहाल है। थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि रात में फंदे पर लटककर मौत की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई की जा रही है।