मिर्जापुर। एनडीए प्रत्याशी अनुप्रिया पटेल के समर्थन में 17 मई को सिटी ब्लाक के बरकछा कला में होने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा स्थल को एसपीजी ने अपने घेरे में ले लिया है। मंगलवार को पहुंचे एसपीजी के अधिकारियों सुरक्षा के संबंध में एडवांस सिक्योरिटी लाइजन की बैठक की। इस दौरान सुरक्षा के सभी पहलुओ पर चर्चा की गई। साथ ही डीएम, एसपी व अन्य विभागो को कार्यो की जिम्मेदारी सौंपी। एसपीजी ने सभा स्थल के पास बन रहे हैलीपैड पर ट्रायल लैंडिंग भी कराया।
19 मई को अंतिम चरण के चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिटी ब्लाक के बरकछा कला में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके लिए बरकछा कला में वाटर प्रुफ पंडाल बनाया जा रहा है। जिससे गर्मी में भी लोग पंडाल के नीचे बैठ सके। गर्मी से हाहत देने के लिए कुलर आदि भी लगाया जा रहा है। मंगलवार को एसपीजी के एआईजी राजेश कुमार टीम के साथ जनसभा स्थन पर पहुंचे। एसपीजी ने जनसभा स्थल का भ्रमण कर उसे अपने घेरे में ले लिया। एसपीजी की टीम ने अधिकारियों के साथ एडवांस सिक्योरिटी लाइजन की बैठक की। इसमें पुसिस और खुफिया विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में पीएम की सुरक्षा के संबंध में सभी पहलुओु पर चर्चा की गई। मंच पर मौजूद रहने वाले लोगों की लिस्ट तैयार कर ली गई। पीडब्ल्यू डी, स्वास्थ्य व अन्य विभागो को उनकी जिम्मेदारी सौंपी गई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में रहेंगे। पीएम के सबसे करीब एसपीजी के अधिकारी जेड प्लस सुरक्षा के साथ रहेंगे। इसके बाद पैरामिलेट्री और फिर तीसरे चक्र में पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। हैलीपैड से लेकर मंच तक चप्पे-चप्पे तक पुलिस फोर्स तैनात रहेगी। इसके अलावा सादे वेश में खुफिया विभाग के लोग भी शामिल रहेंगे।
पीएम के सभा स्थल के पास सेफ हाउस बनाया गया है। जहां पर किसी भी आकस्मिक सेवा के तहत उन्हें सेफ जोन में ले जाया जाएगा। सभा स्थल के साथ मंडलीय अस्पताल में भी सेफ जोन बनाया गया है। अस्पताल के सीसीयू और आपरेशन कक्ष को सेफ जोन बनाया गया है। अस्पताल तक पहुंचने के लिए कंटीजेंसी रूट का निर्धारण कर दिया गया है। जरुरत पड़ने पर कंटीजेसी रूट का इस्तेमाल किया जाएगा। सभा स्थल और सेफ हाउस के पास एंबुलेंस मौके पर मौजूद रहेगी। इसमें डाक्टर के साथ पीएम के ब्लड ग्रुप ए पाजिटीव के दो लोग रहेंगे। साथ ही ए पाजिटीव रक्त भी मौजूद रहेगा।
पीएम के जनसभा स्थल पर तैयारियों का जायजा लेने के लिए भाजपा नेताओं का जमावड़ा लगा रहा। भाजपा नेताओं के साथ अपना दल एस के नेता भी मौजूद रहे। नेताओं ने पीएम की जनसभा में अधिक से अधिक लोगों को पहुंचाने के बारे में चर्चा की।
पीएम के जनसभा स्थल के पास तीन हैलीपैड बन रहा है। इसें एक पर पीएम नरेंद्र मोदी उतरेंगे और दो अन्य हैलीपैड पर एसपीजी के जवान उतरेंगे। एसपीजी के अधिकारियों ने मंगलवार को हैलीपैड पर सेवा का हेलीकाप्टर उतार कर ट्रायल लैंडिग की।