मड़िहान। जांच के दौरान बंद कराए गए अमान्य विद्यालयों के ताले बिना अधिकारियों क ी इजाजत के खोल दिए गए। मामला संज्ञान में आने पर खंड शिक्षा अधिकारी ने कार्यवाई की चेतावनी दी है। 17 जनवरी को तत्कालीन एसडीएम सविता यादव व खंड शिक्षाधिकारी राममिलन यादव ने संयुक्तरुप से विकास खंड क्षेत्र का भ्रमण कर निरीक्षण किया। बिना मान्यता के संचालित हो रहे विद्यालय प्रबंधकों को अभिलेख समेत एनपीआरसी कार्यालय में उपस्थित होने की नोटिस भी दी गई थी। हिदायत दी गई थी कि समय से नहीं पहुंचने पर विद्यालय सीज की कार्रवाई की जाएगी।
भदोही में हुए हादसे के बाद जिले मेें भी परिषदीय विद्यालयों में बच्चों के प्रति सतर्कता बढ़ा दी गई थी। जिसके चलते करीब एक दर्जन विद्यालयों से मान्यता संबंधित कागजात मांगे जाने पर विद्यालय प्रबंधन के द्वारा किसी प्रकार का कोई अभिलेख नहीं दिखाया जा सका था। अधिकारियों के अभिलेख में विद्यालय बंद है। किंतु अधिकारियों के आदेश का मजाक उड़ाते हुए पुन: विद्यालयों का संचालन शुरू करा दिया गया। इस संबंध में खंड शिक्षाधिकारी राममिलन यादव ने बताया कि कुछ विद्यालयों की मान्यता मिली है। जांच में अमान्य विद्यालय खुला पाया गया तो उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।