मिर्जापुर। गैर संचारी रोग कार्यक्रम के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चुनार पर सोमवार को तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान दो सौ एएनएम को प्रशिक्षित किए जाने का लक्ष्य है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ओपी तिवारी ने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से रोगों की पहचान करने में और सरलता होगी। गैर संचारी रोग प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत रक्तचाप, शुगर, कैंसर सहित अन्य रोगों की जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षित एएनएम रोगों का पहचान कर रोगियों को उपचार उपलब्ध कराएंगी। प्रशिक्षण के प्रथम दिन सोमवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चुनार पर प्रशिक्षक डॉ. कौशल कुमार ने जमालपुर, सीखड़ व चुनार की एएनएम को प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा अन्य विकास खंड की एएनएम को जिला चिकित्सालय के आईडीएसपी हाल में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़िहान की डॉ. शशि गुप्ता व शशिकला द्वारा प्रशिक्षित किया जा रहा है। तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में दो बैच चलाया जाएगा। एक बैच में 30-30 एएनएम की उपस्थिति रहेगी। इसके पूर्व सीएचसी चुनार पर नोडल अधिकारी व अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नीलेश कुमार श्रीवास्तव ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया।