मिर्जापुर। गांव की समृद्धि के बगैर देश को समृद्धि बनाना संभव नहीं है। जबतक किसान मजबूत नहीं होगा तबतक देश भी मजबूत नहीं होगा। उक्त बातें केंद्रीय सूक्ष्म एवं लघु मध्यम उद्यम स्वतंत्र प्रभारी मंत्री गिरिराज सिंह ने सांसद आदर्श गांव हलिया ब्लाक के उत्तर देवरी में शनिवार को आयोजित समारोह के दौरान कही।
कहा कि भाजपा सरकार किसानों की आय दोगुनी करने की दिशा में प्रयासरत है। कंपोस्ट खाद बनाने पर बल देते हुए कहा कि कंपोस्ट खाद से फसल की पैदावार बढ़ेगी। रसायनिक खाद के बदले गोबर और गो-मूत्र के प्रयोग से उत्पादन में वृद्धि आएगी। उन्होंने शौचालय का प्रयोग करने की अपील करते हुए जिलाधिकारी अनुराग पटेल से कहा कि गांवों में पुन: सर्वे कराया जाए ताकि यदि कोई शौचालय से वंचित रह गया हो तो उसको लाभ दिया जा सके। बताया कि जयपुर के एक संस्थान ने गोबर से पेंट बनाने का प्रयोग किया है। जल्द ही गोबर व गो-मूत्र को खरीदकर उसका प्रयोग पेंट बनाने में किया जाएगा। कहा कि छोटे-छोटे उद्यम लगाकर विभिन्न क्षेत्रों में लोगों के आय को बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है। उसी क्रम में उत्तर देवरी गांव में कुछ किसानों को मधुमक्खी पान बाक्श, कुंभकारों को इलेक्ट्रानिक चाक प्रदान किया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री ने दस मधुमक्खी पालकों को दस-दस मधुमक्खी हनी बाक्स, दस कुंभकारों को इलेक्ट्रानिक चाक व स्कूल के सभी बच्चों को स्कूल बैग, गांव के लोगों को प्रधानमंत्री के मन की बात सुनने के लिए रेडियो प्रदान किया। एमएलसी आशीष पटेल ने कहा कि सांसद आदर्श गांव के विकास के साथ ही जनपद में चहुमुखी विकास के लिए वे हमेशा प्रयासरत रहेंगे। इस दौरान डीएम अनुराग पटेल, उपजिलाधिकारी मड़िहान सविता यादव, निदेशक खादी ग्रामोद्योग उप्र लखनऊ सहित जनप्रतिनिधि व ग्रामीण उपस्थित रहे।