मिर्जापुर। रविवार को 17 केंद्रों पर पुलिस भर्ती के लिए लिखित परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। दो दिन होने वाली इस परीक्षा के पहले ही दिन दोनों पालियों को मिलाकर साढ़े पांच हजार परीक्षार्थी परीक्षा देने के लिए नहीं पहुंचे। कड़ी चौकसी के बीच हुई परीक्षा में सभी केंद्रों पर अनुपस्थित परीक्षार्थी की संख्या दोनों पालियों में लगभग बराबर रही। परीक्षा केंद्र के आसपास की दुकानें बंद रही। न तो कोई फोटो कापी की दुकान खुली रही और न ही कोई साइबर कैफे खुला रहा। एक तो रविवार दूसरे परीक्षा। पूरे नगर में काफी सन्नाटा रहा। परीक्षा केंद्रों के पास लोग बाग चाय पानी तक के लिए तरस गए। दूर से आए परीक्षार्थियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पहली पाली में 10 हजार एक सौ चार परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें सात हजार दो सौ 81 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि दो हजार आठ सौ 23 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इसी प्रकार दूसरी पाली में भी इतने ही परीक्षार्थी पंजीकृत थे। दूसरी पाली में उपस्थित परीक्षार्थियों की संख्या कुछ सुधरी। दूसरी पाली में सात हजार चार सौ 22 परीक्षार्थी उपस्थित रहे जबकि दो हजार छह सौ 82 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। मान्यवर कांशीराम राजकीय बालिका इंटर कालेज की प्रधानाचार्य अनीता यादव ने बताया कि पहली पाली में पंजीकृत पांच सौ चार परीक्षार्थी में से तीन सौ 66 उपस्थित थे और 138 अनुपस्थित। इसी प्रकार दूसरी पाली में पंजीकृत पांच सौ चार में तीन सौ 62 परीक्षार्थी उपस्थित रहे और एक सौ 42 अनुपस्थित रहे। राजकीय इंटर कालेज के प्रधानाचार्य महेंद्रनाथ ने बताया कि सुबह की पाली में पंजीकृत पांच सौ 52 में से एक सौ 43 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण रही। कहीं से किसी घटना का समाचार नहीं है। एडीएम राजितराम प्रजापति, एएसपी प्रकाश स्वरूप पांडेय, एसडीएम सदर व अन्य अधिकारी लगातार चक्रमण करते रहे। परीक्षा 28 जनवरी को भी दो पालियों में आयोजित की गई है।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं पुलिस भर्ती परीक्षा के नोडल अधिकारी प्रकाश स्वरूप पांडेय ने बताया कि जिले आयोजित पुलिस भर्ती परीक्षा के पहले दिन शांतिपूूर्ण तरीके से सपन्न हो गई है। कही पर कोई गड़बड़ी नहीं हुई है। सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे।