ड्रमंडगंज। हलिया विकास खंड के ग्राम पंचायत सिकटा में 25 केवीए का ट्रांसफार्मर एक सप्ताह से जला है। लोड अधिक होने के कारण ट्रांसफार्मर आए दिन खराब होता है। उपभोक्ताओं की शिकायत के बाद भी ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जबकि ग्रामीण क्षेत्र में 72 घंटे के अंदर ट्रांसफार्मर बदलने का आदेश है।
ट्रांसफार्मर जलने के कारण पेयजल की समस्या पैदा हो गई है। साथ ही बच्चों की पढ़ाई और कारोबार प्रभावित हो रहा है। लोगों का मोबाइल नहीं चार्ज हो पा रहा है। सिंचाई के अभाव में धान की नर्सरी भी सूख रही है। इस संबंध में ग्रामीण उपभोक्ताओं में अर्जुन, मुनीब, कोल, माहुर कहार, बसंत लाल, राधेश्याम, हिरई, सुदामा, मोहन, माला देवी आदि का कहना है कि उपभोक्ताओं के हिसाब से 63 केबी का ट्रांसफार्मर लगाया जाए। उपभोक्ताओं का कहना है कि बिल तो प्रत्येक महीने देना पड़ता है लेकिन ट्रांसफार्मर आए दिन खराब होता रहता है। सहायक अभियंता सुनील गुप्ता का कहना है कि जल्द ही ट्रांसफार्मर बदल दिया जाएगा।