जिगना। जिलाधिकारी विमल कुमार दुबे ने गुरुवार को दादर कला विजयपुर में सौर ऊर्जा परियोजना और चतुरिया बौड़ाई में निर्माणाधीन टावरों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था को शेष 11 टावरों को लगाते हुए एक सप्ताह में लाइन तैयार करने का निर्देश दिया। सौर ऊर्जा परियोजना का उद्घाटन 28 फरवरी को होने की उम्मीद जताई जा रही है। इस परियोजना के चालू होने से क्षेत्र के लोगों को निर्बाध रूप से बिजली मिलेगी।
विजयपुर के दादर कला में सौर ऊर्जा परियोजना की स्थापना हो रही है। इसके तहत 382 एकड़ में स्थापित पावर प्लांट में 75 मेगावाट बिजली पैदा की जाएगी। वर्तमान समय में प्रतिदिन छह लाख यूनिट बिजली तैयार की जा रही है जिसे आपूर्ति नहीं होने की वजह से नष्ट करना पड़ रहा है। टावर बनने के बाद सोलर प्लांट से जिगना पावर हाउस को सीधे आपूर्ति की जाएगी, जहां से बिजली का वितरण अन्य पावर हाउसों को किया जाएगा। जिगना पावर हाउस तक बिजली टावर पोल लगाने की जिम्मेदारी यूपीपीसीएल को सौंपी गई है। 28 टावर बन कर तैयार हो गए हैं। 11 टावर वन भूमि में होने से रुका हुआ था। वन विभाग से एनओसी मिलते ही कार्य चालू कर दिया गया है। परियोजना प्रबंधक तुषार कांत मलिक ने बताया कि परियोजना के चालू होने से 75 मेगावाट एसी और 101 मेगावाट डीसी बिजली की आपूर्ति होगी। वर्तमान समय में प्रतिदिन छह लाख यूनिट बिजली तैयार हो रही है जिसे आपूर्ति न होने के कारण नष्ट किया जा रहा है। परियोजना के उप प्रबंधक प्रकाश मौरेकर ने बताया कि जल्द ही परियोजना चालू होने की उम्मीद जताई जा रही है। परियोजना तक पहुंचने के लिए वन भूमि में लगभग तीन किलोमीटर सड़क बनाने का प्रस्ताव बना कर देने का निर्देश दिया गया है।