मिर्जापुर। अनगढ़ स्थित बीएसएनएल कार्यालय पर चल रहा बीएसएनएल ठेकाकर्मियों का धरना शनिवार को भी जारी रहा। शनिवार को महाप्रबंधक जेएल गौतम से कर्मचारी नेताओं ने वार्ता की लेकिन कोई निर्णय नहीं हो सका। कर्मचारियों ने आंदोलन को तेज करने की चेतावनी दी है।
बीएसएनएल के ठेका कर्मचारी विभाग में शोषण का विरोध कर रहे हैं। धरना सभा की अध्यक्षता कर रहे दिनेश तिवारी ने कहा कि सरकार और विभाग कर्मचारियों के हितों पर ध्यान नही दे रहा है। श्रम मंत्रालय के दिशा निर्देशों की विभाग द्वारा अनदेखी की जा रही है, जिसे तत्काल लागू किया जाए। नागेंद्र सिंह ने कहा कि न्यूनतम मजदूरी, ईपीएफ आदि को लागू किया जाए। अजय कुमार ने कहा कि बीएसएनएल ठेकाकर्मी कैजुअल एवं कार्यरत मजदूरों को पीएफईसएसआई और सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने की मांग कर रहे हैं। साथ ही लंबित मजदूरी का जल्द भुगतान करने को कहा। संजय मौर्य ने कहा कि कर्मचारियों को परिचय पत्र जारी किया जाए। धरने में जगदीश यादव, सुनील यादव, बालकिशुन, मनोज सिंह, नवीन यादव, विनय यादव ने मानदेय का भुगतान खाते में करने की मांग किया। इस दौरान शोभनाथ, कल्लू सोनकर, अशोक गुप्ता, अश्विनी द्विवेदी, राजाराम, दिलीप कुमार सिंह, मंगलदत्त मिश्रा, तेजभान सिंह, शीतला प्रसाद आदि मौजूद रहे।