मिर्जापुर। सीटी क्लब के मैदान पर एनआरएलएम विभाग की ओर से आयोजित मंडलीय सरस मेला के दूसरे दिन उद्घाटन मुख्य अतिथि छानबे विधायक राहुल प्रकाश कोल व जिलाधिकारी अनुराग पटेल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विधायक ने कहा कि योजना के जरिए जिले के दूरस्थ क्षेत्रों की ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार दिलाना है, जिससे वह अपने को आत्मनिर्भर बनाकर समाज की मुख्य धारा से जुड़ सकें। कहा कि कहा कि एनआरएलएम का मुख्य उद्देश्य है कि गांव की महिलाओं को संगठित करके उनको संस्थाओं के माध्यम से उनकी अंतर्निहित क्षमता को बाहर लाना है।
जिलाधिकारी अनुराग पटेल ने एनआरएलएम योजना के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिला सदस्यों के सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता एवं आर्थिक उन्नयन के लिए उन्हें प्रशिक्षित करते हुए उनका क्षमतावर्धन किया जा रहा है। कहा कि सरल एवं सुरक्षित ऋण की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए योजना द्वारा रिवाल्विंग फंड, सामुदायिक निवेश निधि, आजीविका फंड आदि की धनराशि प्रदान की जा रही है। डीएम ने कहा कि महिलाओं को चौका-बर्तन से छुटकारा दिलवाकर स्वरोजगार देना व समाज के बीच आत्म सम्मान दिलाना है। मुख्य विकास अधिकारी प्रियंका निरंजन ने विधायक और डीएम को पुष्प गुच्छ देकर अभिवादन किया। सीडीओ ने कहा कि इस मेले का उद्देश्य समूह से जुुड़ी महिला सदस्यों में बिक्री कौशल विकसित करते हुए सामान्य जनमानस को सस्ते व गुणवत्तापरक वस्तुएं उपलब्ध कराते हुए रोजगार के अवसर को सृजित करना है। बताया कि मंडलीय सरस मेले में मिर्जापुर, सोनभद्र व भदोही जनपद के 70 से 80 महिला समूहों ने अपना स्टाल लगाया है। इस मौके पर स्थानीय कलाकारों ने अपने मधुर गीतों से उपस्थित जनमानस का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान डीसी एनआरएलएम दीन दयाल वर्मा, परियोजना निदेशक, डीसी मनरेगा सहित सभी बीडीओ व प्रदर्शनी आयोजक राज तलवार आदि उपस्थित रहे।