अहरौरा। क्षेत्र के पहाड़ों में बुधवार की दोपहर माइंस डायरेक्टर की टीम जांच करने पहुंच गई। उनको देख अवैध रूप से पहाड़ों पर काम कर रहे मजदूर व संचालक खदान छोड़कर भाग खड़े हुए। विगत एक माह पूर्व वाराणसी में विस्फोट कर पिता-पुत्र की हत्या किए जाने के बाद चौकसी के तहत क्षेत्र के पहाड़ों पर जांच करने के लिए वाराणसी से टीम आई। टीम ने क्षेत्र के भगौतीदेई, रामपुर, लालपुर, चकलिया और चिरैया व अन्य पहाड़ों पर पहुंच कर जांच की।
माइंस डायरेक्टर की टीम के पहुंचने से पूर्व ही पहाड़ों से जिलेटिन सहित डेटोनेटर एवं यूरेनियम को हटा दिया गया, जिससे खनन टीम के हाथ कोई भी विस्फोटक बरामद नहीं हो सका। लगभग एक माह पूर्व मंगलवार की रात वाराणसी के चौबेपुर थाना के मील्कोपुर गांव में जिलेटिन एवं डेटोनेटर राड की मदद से पिता-पुत्र के सिर को उड़ा दिया गया था। मौके पर जांच करने पहुंची टीम ने खनन क्षेत्रों में इस्तेमाल किए जाने वाले जिलेटिन राड एवं डेटोनेटर की मदद घटना को अंजाम देने की बात सामने आई थी। बुधवार को जनरल माइंस डायरेक्टर यूपी सिंह व डिप्टी जनरल माइंस डायरेक्टर द्वारा जांच की गई। जांच के दौरान साथ में किन लोगों ने ब्लास्टिंग का लाइसेंस ले रखा है, उनकी भी पड़ताल शुरू कर दी गई। टीम ने क्रशर प्लांटों की भी जांच की।