मिर्जापुर। जिले भर में बुधवार को स्वतंत्रता दिवस जोश और उत्साह के साथ मनाया गया। सरकार और गैर सरकारी संस्थानों पर ध्वजारोहण के बाद स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों की कुर्बानियों को याद किया गया। मंडलायुक्त मुरली मनोहर लाल ने आयुक्त कार्यालय और जिलाधिकारी अनुराग पटेल ने कलेक्ट्रेट पर ध्वजारोहण किया। बारिश होने की वजह से बच्चे और आम लोग भीगते हुए ध्वजारोहण कार्यक्रम में पहुंचे। विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने प्रभात फेरी निकाली गई।
मंडलायुक्त मुरली मनोहर लाल ने अपने कार्यालय के परिसर में ध्वजारोहण के बाद पौधरोपण अभियान का शुभारंभ पौधे रोपकर किया। उन्होंने कहा कि तिरंगे के सम्मान के लिए हंसते-हंसते जान देने वाले महामानव थे। उनके योगदान को अपने आचरण में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। पौधरोपण पर जोर देते हुए कहा कि प्रकृति ईश्वर की सबसे बड़ी देन है। प्रमुख मुख्य वन संरक्षक डॉ प्रभाकर दुबे, उपजिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान, प्रेम कांत श्रीवास्तव, कमला प्रसाद श्रीवास्तव, आद्या प्रसाद सिंह, गंगा प्रसाद यादव, कृपाशंकर मिश्रा मौजूद रहे। डीएम ने नारघाट स्थित शहीद उद्यान में शहीदों की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। कचहरी परिसर में जिला जज नवीन श्रीवास्तव, घंटाघर स्थित विकास भवन में प्रभारी सीडीओ ऋषि मुनि उपाध्याय, नगर पालिका कार्यालय पर अध्यक्ष मनोज जायसवाल, डीपीआरओ कार्यालय पर चूरनराम जायसवाल, संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय पर कामता राम पाल, डायट पर उदयराज व फूलचंद्र यादव, डीआईओएस कार्यालय पर देवकी सिंह और बीएसए कार्यालय पर प्रवीण कुमार तिवारी ने ध्वजारोहण किया।
पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी निर्देशन में स्वतन्त्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पुलिस अधीक्षक ने कैंप कार्यालय पर गोपनीय कार्यालय, सर्विलांस सेल, साइबर सेल, वीआईपी सेल, सोशल मीडिया सेल, स्कोर्ट, गार्द में नियुक्त पुलिसकर्मियों के साथ ध्वजारोहण किया। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन में ध्वजारोहण किया। कहा कि इन 72 वर्षों में देश काफी बदल गया है साथ ही साथ पुलिस व्यवस्था में भी काफी परिवर्तन हुआ है। इन परिवर्तनों की भीड़ में हमें वही परिवर्तन अपनाना चाहिए जिसका लाभ समाज को मिल सके।
स्कूलों और मदरसों में धूमधाम मना आजादी का पर्व : मिर्जापुर। शहर के स्कूलों, कालेजों और मदरसों में स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
लालडिग्गी स्थित लायंस पब्लिक स्कूल में ध्वजारोहण में अध्यक्ष अतुल अग्रवाल, विश्वनाथ अग्रवाल, एमएमडी अग्रवाल, प्रधानाचार्य डा. एनके पांडेय, रितु भारद्वाज मौजूद रहे। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। भटौली रोड स्थित डॉ. सरला सर्राफ पब्लिक स्कूल में झंडारोहण चेयरमैन दिनेश चंद्र सर्राफ, डायरेक्टर आयुष सर्राफ, गुरूनानक इंटर कालेज में अध्यक्ष सरदार धरम पाल सिंह, आर्य कन्या इंटर कालेज में बीनारानी सिंह, जीआईसी में महेंद्र सोनकर, जेसी बाल मंदिर में पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, मिर्जापुर पब्लिक स्कूल में आरआई इंद्रनाथ तिवारी और महिला थानाध्यक्ष सीमा सिंह, आचार्य रामचंद्र शुक्ल स्मारक शिक्षण संस्थान में भोलानाथ कुशवाहा, जीडी बिनानी कॉलेज में डा. राजीव अग्रवाल, केबी कॉलेज में डा. भवभूति मिश्र, कमला आर्य कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्राचार्या उषा रानी जायसवाल, कस्तुरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में वार्डेन रत्ना सिंह ने ध्वजारोहण किया। आदर्श जैन बाल मंदिर में आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी में बाल विज्ञानियों ने उत्कृष्ट मॉडल पेश किया। बच्चों ने हाइड्रोलिक डैम, बेस्ट वाटर ट्रीटमेंट, वर्षा जल संचलय आदि मॉडल प्रस्तुत किया। इस दौरान प्रधानाचार्या मंजू सिंह ने उत्साहवर्धन किया।
मदरसों पर ध्वजारोहण किया गया। मदरसा अरबिया सुहैलिया मिल्लतनगर में मौलाना अब्दुल्लाह खान, जोहरा महिला प्रशिक्षण संस्थान में इम्तियाज खान और प्रबंधक नीलू खान, मदरसा जोहरा गर्ल्स काशीराम आवास कंतित में प्रबंधक नीलू खान और आल इंडिया मजलिसे इत्तेहादुल मुस्लेमीन पार्टी कार्यालय पर जिलाध्यक्ष मुजफ्फर अली ने ध्वजारोहण किया।
सामाजिक संगठनों ने मनाया आजादी का जश्न : मिर्जापुर। सामाजिक संस्थाओं की ओर से भी स्वतंत्रता दिवस हर्ष के साथ मनाया गया। लाल डिग्गी स्थित, रोटरी क्लब मिर्जापुर में अध्यक्ष अविनाश जायसवाल, रोटरी क्लब मिर्जापुर डायमंड के अध्यक्ष दिलशाद खान व सचिव रामानवाज स्वतंत्रता दिवस मनाया। किड्स इंटरनेशनल स्कूल, एनी बेसेंट पब्लिक जूनियर हाईस्कूल गोसाई तालाब पर ध्वजारोहण किया गया। विन्ध्य साहू समाज समिति के माता शरण गुप्ता ने भी ध्वजारोहण किया। युवाओं ने तिरंगा यात्रा निकाली। इसमें भव्य झांकी सजाई गई थी। तिरंगा यात्रा को नगर पालिका अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने रवाना किया। इसमें संजय चंद्र, अभिषेक श्रीवास्तव, अमित श्रीनेत, रीगन जायसवाल, मुकेश गुप्ता शामिल रहे।
पार्टी कार्यालयों पर मना स्वतंत्रता दिवस : मिर्जापुर। स्वतंत्रता दिवस पर भारतीय जनता पार्टी के कैंप कार्यालय पर ध्वजारोहण किया गया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष बालेंदुमणि त्रिपाठी, राज्य सभा सदस्य राम सकल, विधायक रमाशंकर पटेल, रत्नाकर मिश्र, सुचिश्मिता मौर्य, सहकारी बैंक के चेयरमैन राजेंद्र सिंह मौजूद रहे। जिलाध्यक्ष ने महापुरुषों के जीवन पर प्रकाश डाला। इस दौरान रमेेश दुबे, आशुकांत चुनाहे आदि मौजूद रहे। नगर विधायक रत्नाकर मिश्र ने कैंप कार्यालय पर ध्वजारोहण किया। स्टेशन रोड स्थित जनसंपर्क कार्यालय पर पूर्व राज्यमंत्री कैलाश चौरसिया ने ध्वजारोपण किया। शहर कांग्रेस सेवा दल के तत्वावधान में कांग्रेसजनों ने शहीद सम्मान यात्रा निकाली गई। इसमें भूपेंद्र शुक्ल, सैययद मुमताज, भगवती प्रसाद चौधरी, माता प्रसाद दुबे, कैैलाश उपाध्या, जनार्दन पाठक मौजूद रहे।
विकास का संकल्प दुहराया
मिर्जापुर। बरकछा स्थित राजीव गांधी दक्षिणी परिसर में स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। संस्थापक महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर परिसर की आचार्य प्रभारी प्रो. रामादेवी निम्मानापल्ली ने ध्वजारोहण किया। आचार्य प्रभारी ने परिसर के सुरक्षाकर्मियों के परेड का निरीक्षण किया। कहा कि भविष्य में संसाधनों का समुचित उपयोग करते हुए यह परिसर विकास की नयी गाथा लिखेगा। यहां आयुर्वेद व पशु चिकित्सा, प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग साधना जैसे परंपरागत शिक्षा कार्यक्रमों से परिसर का सतत विकास सुनिश्चित किया जाएगा। प्रो. आशीष सिंह, डॉ. मनोज कुमार सिंह, डॉ. बीएमएन कुमार, डा. किरन दामले आदि मौजूद रहे।
बालिकाओं का बढ़ाया हौसला
मोर्चाघर स्थित राजकीय सम्प्रेक्षण गृह में मुख्य अतिथि उप परविक्षा अधिकारी विन्ध्याचल मंडल प्रभात रंजन, सहायक निदेशक मत्स्य मुकेश सारंग, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी विनोद जायसवाल और जिला प्रोवेशन अधिकारी अमरेंद्र पोत्सायन ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के साथ भोजन किया और बालगृह की बालिकाओं का हौसला बढ़ाया।
पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
मिर्जापुर। स्वतंत्रता दिवस पर जिले में अधिकारियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। बकरछा स्थित वाटर सप्लाई योजना के कार्यालय परिसर में अधिशासी अभियंता एके सिंह, नलकूप मंडल के अधीक्षण अभियंता एलएन झा और अधिशासी अभियंता संदीप कठेरिया, लघु डाल के अधिशासी अभियंता वीवी कृष्णा ने कार्यालय परिसर में पौधरोपण किया। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी आनंद सिंह ने सीएचसी, खादी के जवाहर लाल ने कार्यालय परिसर में पौधरोपण किया।