मिर्जापुर। विद्यत विभाग की टीम ने नगर के आधा दर्जन इलाकों में चेकिंग अभियान चलाकर गुरुवार को विद्युत बकाएदारों एवं कटियामारों के खिलाफ कार्रवाई की। टीम ने चेकिंग के दौरान कई महीनों से बिजली का बिल जमा नहीं कर रहे 71 बकाएदारों का कनेक्शन काट दिया। 13 लोगों द्वारा बिना अनुमति के कनेक्शन जोड़वाने की जानकारी होने पर उनके विरुद्घ विद्युत चोरी का मुकदमा पंजीकृत कराया है।
अधिशासी अभियंता नगर मनोज यादव ने बताया कि गुरुवार को नगर के बेलवरिया का पुराख, गणेशगंज, आवास विकास, हथिया फाटक, विंध्याचल, भटौली घाट, पैड़ापुर तथा बरकछा में विद्युत बकाएदारों के विरुद्घ अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान 71 लोगों द्वारा कई महीनों से बिजली का बिल जमा नहीं करते पाए जाने पर उनके कनेक्शन काट दिए गए। 13 ऐसे बकाएदारों के विरुद्घ विद्युत चोरी का मुकदमा पंजीकृत कराया गया है जिनकी लाइन पूर्व में बकाए के चलते काटी गई थी और उन लोगों ने बगैर बिल जमा किए या किसी अधिकारी से अनुमति लिए कनेक्शन जोड़वा लिया। 52 बड़े बकाएदारों के विरुद्घ नोटिस जारी किया गया है। 20 उपभोक्ता को नए कनेक्शन जारी किए गए। 19 उपभोक्ताओं के यहां मीटर लगाया गया। साथ ही सभी से लगभग 18 लाख 63 हजार रुपया बकाया बिल वसूला गया। 25 हजार से अधिक केे बकाएदारों के खिलाफ आरसी जारी की गई है।