नरायनपुर। बदहाल नरायनपुर-मिर्जापुर मार्ग की बदहाली के विरोध में नागरिकों ने गुरुवार को बैंक आफ बड़ौदा शाखा नरायनपुर के सामने प्रदर्शन कर ध्वस्त मार्ग को अविलंब बनवाने की मांग की। राष्ट्रीय राजमार्ग सात पर सरदार पटेल त्रिमुहानी नरायनपुर से गंगा नहर पुल तक का मार्ग पूरी तरह से ध्वस्त होने के कारण इस पर आवागमन बाधित हो चुका है।
इस मार्ग पर चार पहिया वाहन तो दूर दो पहिया वाहन सवारों और पैदल चलने वालों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बार-बार शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं किए जाने से लोगों में रोष है। सुबह लगभग दस बजे पटेल त्रिमुहानी पर जबरदस्त प्रदर्शन कर प्रशासन विरोधी नारेबाजी की। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि लगभग एक माह पूर्व जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक के निरीक्षण व आश्वासन के बाद भी कोई कार्रवाई आज तक नहीं हो सकी। उक्त मार्ग पर जल निकासी की समस्या को लेकर उच्चाधिकारियों ने पटेल त्रिमुहानी नरायनपुर से गंगा नहर पुल तक कट स्टोन बिछवा दिया था। इसके बाद से मार्ग की हालत प्राय: दयनीय बनी रहती है। मार्ग पर खतरनाक गड्ढों के चलते कई लोग गिर कर घायल हो चुके हैं। सड़क के दोनों तरफ के दूकानदारों का जीना मुश्किल हो गया है। बरसात में में कीचड़ , गड्ढों व सूखे में धूल से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन से मांग किया है कि ध्वस्त मार्ग का अविलंब मरम्मत कराया जाय।