राजगढ़। शनिवार की सायंकाल विकास खंड राजगढ़ में आई तेज आंधी व बारिश से करीब तीन सौ गांवों की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था ध्वस्त हो गई। आंधी से क्षेत्र के करौंदा, गरेरी एवं खुटरी में 11 हजार वोल्ट का तार टूटने और पोल गिरने के कारण विद्युत वितरण व्यवस्था छिन्न-भिन्न हो गई। विद्युत विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मरम्मत कराया जा रहा है। जल्द आपूर्ति जल्द बहाल करा दी जाएगी। बिजली नहीं मिलने से उमस भरी गर्मी में लोग बेेहाल हैं और पेयजल की भी समस्या खड़ी हो गई है।
विकास खंड राजगढ़ में शनिवार की शाम आई तेज आंधी व बारिश होने से क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था ठप हो गई है। जगह-जगह तार टूटने और पोल गिरने सेराजगढ़ विद्युत उपकेंद्र से जुड़े तमाम इलाकों की आपूर्ति ठप हो गई। राजगढ़, खोराडीह एवं शक्तेशगढ़ के 300 गांव में बिजली गुल हो गई है। विद्युत उपकेंद्र से मिली जानकारी के अनुसार आंधी-पानी की वजह से करौदा, गरेरी, खुटरी में 11 हजार वोल्ट का तार टूट गए हैं। अवर अभियंता सियाराम ने कहना है कि इलाके के तार जर्जर हो चुके हैं। बार-बार इसकी सूचना अफसरों को दी गई लेकिन विद्युत वितरण व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाने के ठोस कदम नही उठा पा रहे हैं। बिजली विभाग के अधिकारियों को पता है कि राजगढ़ क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था बिजली पर ही निर्भर है फिर भी जर्जर तारों को बदलवाने एवं दुरुस्त कराने की जहमत कोई नहीं उठाना चाहता। परिणाम यह हैं कि हल्की हवा चलने पर ही बिजली की व्यवस्था चरमरा जाती है। शनिवार कि दोपहर से कटी बिजली रविवार के शाम तक यानी 30 घंटे बाद भी बहाल नही हो पाई, जिससे क्षेत्र की पेयजल के साथ साथ उद्योग-धंधो पर भी असर पड़ रहा है। सब कुछ जानते हुए भी अधिकारी उदासीन बने हुए है। ऐसे में क्षेत्र की जनता ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट करते हुए क्षेत्र की ध्वस्त हुई विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को अविलंब दुरुस्त करवाने की मांग की है।