कैलहट। सड़कों को गड्डामुक्त बनाने के नाम पर मनमाने तरीके से पैचिंग की गई है। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पैचिंग भी इस तरह की गई है कि गिट्टियां निकलकर सड़क पर बिखर गई हैं। उन पर बाइक सवार फिसलकर चुटहिल हो रहे हैं।
भग्गल की मड़ई से भरेहटा होते हुए चुनार तहसील मुख्यालय व नारायणपुर ब्लॉक मुख्यालय जाने वाला सड़क जर्जर हो चुकी है। सड़क को गड्ढा मुक्त बनाने के नाम पर जगह-जगह आधे अधूरे रुप से गड्ढों की पैचिंग कर कोरम पूर्ति कर दी गई है। पूरी तरह बरबाद हो चुकी इस सड़क पर पैचिंग का काम और खतरनाक हो गया है। पैच वर्क में कोलतार कम इस्तेमाल करने के कारण गिट्टियां बिखरने लगी हैं। उस पर फिसल कर बाइक सवार गिर जा रहे हैं। मालूम हो कि लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व लगभग छह किलोमीटर लंबे इस मार्ग का फिर से निर्माण कराया गया था। घटिया सामग्री के इस्तेमाल होने से वर्तमान मेंसड़क की स्थिति दयनीय हो चुकी है। सड़क में जगह जगह सड़क पर गड्ढे हो गए हैं और कोलतार की उचित मात्रा नहीं होने से सड़क पर डाली गयी गिट्टी उखड़ कर किनारों पर जमा हो गई है। मालूम हो कि यह मार्ग क्षेत्र के कैलहट, सझौली, दीक्षितपुर, शिवराजपुर, सहसपुरा, पर्सॉधा, प्रतापपुर आदि दर्जनों गांवों को ब्लॉक मुख्यालय और तहसील मुख्यालय से जोड़ती है साथ ही शार्ट कट रास्ता होने से नरायनपुर, जमालपुर, अदलहाट दि क्षेत्र के लोग कचहरी या ब्लॉक मुख्यालय जाने के लिये इसी रास्ते से आते-जाते हैं।