मिर्जापुर। जिले में पुलवामा में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि देने का सिलसिला जारी है। गुरुवार को भी कई जगहों पर नागरिकों व ग्रामीणों ने उनको श्रद्धांजलि दी।
सिटी ब्लाक के भोड़सर में शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर रंजीत फौजी, अशफाक खां, मृगेश यादव, जितेंद्र गौतम, राजकुमार प्रजापति, शेषनाथ बिंद, डा. सतीश आदि थे।
कछवां । आदर्श नगर पंचायत में हिंदू युवा वाहिनी मझवां मंडल के तत्वाधान में पुलवामा में शहीद हुए वीर जवानों के याद में एक तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा केवटान वार्ड स्थिति खप्पर बाबा के आश्रम से शुरू हुई जैसे-जैसे यह यात्रा आगे बढ़ती गई लोग भीड़ के साथ जुड़ते गए। हजारों की संख्या में झंडे को पकड़े हुए लोगों ने पूरे नगर पंचायत क्षेत्र का भ्रमण किया।
इस दौरान बच्चों के साथ ही बुजुर्गों और नौजवानों की आंखें भले ही नम थी पर अंगारे धधक रहे थे। शहीदों को अपनी श्रद्धांजलि देने के साथ ही वे नारे लगा रहे थे। आक्रोशित लोग देश हित में धारा 370 को हटाने की मांग कर रहे थे। लोगों ने कहा मुठभेड़ के समय जवानों के ऊपर जो पत्थरबाज पत्थर फेंकते हैं उनको भी सजा देनी चाहिए। शहीदों की याद में हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई सभी लोग शामिल थे। यात्रा जमुआ चौराहे होते हुए इलाहाबाद बैंक चौराहे से बल्ली कटरा, थाना वार्ड होते हुए थाना कछवां चौराहे व क्रिश्चियन चौराह होते हुए जमुआ चौराहे पर जाकर के शहीद स्मारक पर पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित किया। जुलूस यात्रा का नेतृत्व तरुण राय, अमृत सिंह, अमरीश, शालू, आकाश, सचिन राय, रिशु सागर कर रहे थे। यात्रा में मुख्य रूप से पृथ्वी नाथ तिवारी, अजय उपाध्याय, नगर पंचायत अध्यक्ष पीके यादव, विजय सोनी, विजय गुप्ता, व्यापार मंडल के अध्यक्ष आनंद के साथ हजारों की संख्या में लोग सम्मिलित रहे। इमिलिया चट्टी, क्षेत्र के भगवती देई ग्राम पंचायत में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित किया गया। गांव के युवकों ने पकिस्तान के खिलाफ नारे लगाते हुए अपने आक्रोश व्यक्त करते हुए पाकिस्तानी प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया। इस दौरान इंद्रजीत सिंह, सुरेश सिंह, प्रदीप सिंह, सुनिल सिंह, उमेश सिंह व सुनिल आदि मौजूद रहे।