मिर्जापुर। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल वेंकटेश्वर लू ने बरकछा स्थित बीएचयू के राजीव गांधी दक्षिण परिसर में विंध्याचल मंडल के तीनों जिलों के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने लोकसभा निर्वाचन संबंधी तैयारियों का जायजा लिया और उनको उपयोगी जानकारी दी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि यह अधिकारियों व प्रबुद्ध वर्ग की जिम्मेदारी है कि वह सुनिश्चित करें कि जो पात्र लोग 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं। उनको मतदाता पहचान पत्र मिल जाए। उन्होंने कहा कि इसके लिए सभी को जागरूक करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों का भी यह कर्तव्य बनता है कि वे लोगों को अधिक से अधिक मत डालने को प्रेरित करें। मीडिया की भूमिका पर उन्होंने कहा कि जनता को जागरूक करने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। वे अपने माध्यम से लोगों को जागरूक करें। अधिकारियों के साथ बैठक में मुख्य चुनाव अधिकारी ने मंडल में मतदाताओं की संख्या, महिला व पुरुष अनुपात, दिव्यांग मतदाताओं की संख्या और पोलिंग स्टेशन के साथ बूथों की जानकारी ली। ईवीएम मशीनों के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इस बार वीवीपैट के माध्यम से चुनाव होगा ताकि लोग अपने मताधिकार को देख सकें कि जिसे वह वोट कर रहे हैं, उसी को उसके मत जा रहे हैं।
इसके पूर्व मंडलायुक्त आनंद कुमार सिंह ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मंडल पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता, शांतिपूर्ण एवं निर्विध्न मतदान के लिए संकल्पित है। निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों का पालन किया जाएगा। डीआइजी पीयूष श्रीवास्तव ने पुलिस व्यवस्था के बारे में विस्तृत जानकारी दी। जिलाधिकारी अनुराग पटेल ने आयोग के निर्देशानुसार निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव कराया जाएगा। इस अवसर पर संत रविदास नगर, सोनभद्र के डीएम, एसपी, मुख्य विकास अधिकारी प्रियंका निरंजन, एडीएम राजितराम प्रजापति सहित अन्य अधिकारी थे। संचालन डीआइओएस देवकी सिंह ने किया।
अधिवक्ताओं से मिले मुख्य निर्वाचन अधिकारी
मिर्जापुर। मुख्य निर्वाचन अधिकारी इस मंडल में मंडलायुक्त भी रह चुके हैं। उन्होंने पूर्व परिचित अधिवक्ताओं से मुलाकात की और उनसे बातचीत की। इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता प्रेमकांत श्रीवास्तव, आद्या प्रसाद सिंह, राहुल श्रीवास्तव, रामरूप पांडेय आदि थे।
वीवीपैट से रहेगी पूरी निष्पक्षता
मिर्जापुर। मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल वेंकटेश्वर लू ने कहा कि वीवीपैट से मतदान में पूरी तरह निष्पक्षता रहेगी। वे बैठक के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ईवीएम पूरी तरह से सुरक्षित है। कुछ अफवाहें जरूर हैं लेकिन इसको कोई साबित नहीं कर सका। उन्होंने कहा कि इसीलिए एफएलसी होती है। तो वहां कोई दल आता ही नहीं है। उन्होंने भरोसा जताया कि चुनाव पूरी तरह से शांतिपूर्ण होगा।