समीक्षा बैठक करते मंडलायुक्त मुरली मनोहर लाल
मिर्जापुर। आयुक्त विंध्याचल मंडल मुरली मनोहर लाल ने सोमवार को मंडल में 50 लाख से ऊपर वाले परियोजनाओं को गुणवत्ता के साथ कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यो में किसी प्रकार की लापरवाही कत्तई बर्दाश्त न की जाएगी। आयुक्त सोमवार को अपने कार्यालय सभागार में विकास कार्यो, कानून व्यवस्था तथा कर एवं करेत्तर के साथ ही राजस्व वसूली की समीक्षा कर रहे थे।
समीक्षा बैठक के दौरान आयुक्त ने कहा कि यह अक्सर सुना जा रहा है कि ठेकेदार द्वारा सड़कों का निर्माण कर पटरियों को छोड़ दिया जा रहा है। उनके इस लापरवाही के कारण बरसात में सड़कों के क्षतिग्रस्त होने का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने अधीक्षण अभियंता को निर्देशित करते हुए कहा कि वे खुद रुचि लेकर पटरियों के निर्माण कार्य कराना सुनिश्चित करें। मंडलायुक्त ने स्कूली छात्रों के नामांकन, नि:शुल्क पाठ्य पुस्तको के वितरण, ड्रेस आदि के विषय में चर्चा करते हुए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में समय से पुस्तकों का वितरण कराया जाय जिससे बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो सके। सिंचाई विभाग की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने सिंचाई विभाग से आए अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि धान की रोपाई समय से कराया जाय। आयुक्त ने आंगनबाड़ी केंद्रो के निर्माण व सड़कों के निर्माण में सोनभद्र के धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने ने निर्माण में तेजी लाए जाने का निर्देश दिया। मंडलायुक्त ने 60 लाख से उपर की परियोजनाओं में गत बैठक में जुलाई माह में सात कार्यो में तीन और भदोही में एक भी कार्य पूरे न होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने संबन्धित मुख्य विकास अधिकारियों से कहा कि वे स्वयं रुचि लेते हुए कार्य को समय से पूर्ण कराएं। स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा के दौरान पाया कि भदोही जनपद में कम वार्डो को ओडीएफ घोषित किया गया है। मंडलायुक्त ने कहा कि कार्य में तेजी लाते हुए ओडीएफ कराएं जाएं। उन्होंने कहा कि नगर पालिका कर्मी स्वयं घर घर पहुंच कर सत्यापन कार्य करें। समीक्षा बैठक में आयुक्त ने विद्युंतीकरण, पेंशन, कृषि विभाग के द्वारा खाद व बीज की उपलब्धता, किसान योजना पंजीकरण, प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना, सहकारिता, स्वास्थ्य सहित कई विभागों की बिन्दुवार समीक्षा की। बैठक में तीनों जनपदों के जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारियों समेत संयुक्त विकास आयुक्त राजीव वनकटा मौजूद रहे।