चुनार। निकाय चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए जहां एक ओर निर्वाचन आयोग सख्त रुख अख्तियार कर किसी तरह की लापरवाही बरते जाने के पक्ष में नही है। वहीं दूसरी ओर निकाय चुनाव में लगाये गए कर्मचारियों की लापरवाही चुनार तहसील में उजागर हो रही है। निर्वाचन कार्य में लगाये गये कर्मचारियों के समय से न पहुंचने के कारण नामांकन पत्रों को खरीदने व नामांकन करने आये प्रत्याशियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।
नामांकन के आखिरी दिन भी नगर पालिका चुनार के सदस्य पद हेतु तमाम चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार नामांकन पत्रों को खरीदने व नामांकन करने तहसील पहुंचे जहां वार्ड संख्या 11 से 15 व 16 से 20 के काउंटर पर निर्वाचन कार्य में लगाये गए कर्मचारी नदारत रहे। निर्धारित समय से आधे घंटे विलंब से कर्मचारी के पहुंचने के बाद कार्य शुरू हुआ। इस दौरान नामांकन करने आये उम्मीदवार अपने समर्थकों के साथ परेशान दिखाई दिये। निर्वाचन कार्य में लगाये गये कर्मचारियों के अनुपस्थित रहने के बावत पूछे जाने पर नगर पालिका चुनार के रिटर्निंग आफिसर सुनील कुमार मिश्रा ने बताया कि जाम में फंस जाने के कारण कर्मचारियों के आने में विलंब हुआ है जानबूझ कर कर्मचारियों ने लापरवाही नही किया है।