मड़िहान। पुलिस ने सोमवार की देर रात चेकिंग के दौरान एक बोलेरो से छह लाख 75 हजार 950 रुपया बरामद किया है। बरामद किए गए पैसे को लेकर जा रहे बोलेरो सवारों से उसका हिसाब या कागजात मांगा तो वह लोग कोई अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर पाए। पुलिस ने पैसा जब्त कर एसडीएम को रिपोर्ट भेज दी। मामले की जांच एसडीएम की ओर से गठित टीम करेगी।
पटेहरा चौकी इंचार्ज खुर्शीद अहमद पुलिस टीम के साथ नेवढ़िया मोड़ पर सोमवार की शाम वाहन चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान एक सफेद रंग की बोलेरो दिखाई दी। रोकने पर बोलेरो सवार ने बनारस से आने की बात बताई। तलाशी लिया गया तो लालगंज थाना क्षेत्र के बनकी गांव निवासी शाहीद के पास एक लाख पचास हजार रुपये, शफीक के पास एक लाख 42 हजार 250 व अहमद अली के पास तीन लाख 83 हजार सात सौ रुपये मिला। पैसे का रिकार्ड मांगा गया तो कोई लिखित अभिलेख नहीं दिखा पाये। बनकी गांव निवासी बोलेरो सवार व्यापारी ने बताया कि गांव के गुलाम, शौकत, नन्हकू, मुख्तार, अक़ीम, सद्दीक, शरीफ, इसहाक, शाहिद अलीखान, अहमद अली, ताहिर, शाहिद, तौहीद, अबिलाल, शरीफ, करीम आदि का बकरा वाराणसी में बेचा था। वाराणसी स्थित थोक व्यापारी ने होली बाद सभी का पैसा अदा किया। वहीं पैसा लेकर आ रहा था कि रास्ते में मुखबीर की सूचना पर सिरसी मार्ग पर वाहन रोककर तलाशी ली गयी तो गाड़ी से छह लाख 75 हजार नौ सौ 50 रुपये पुलिस को मिला। मड़िहान इंस्पेक्टर राजीव सिंह ने बताया कि पैसा जब्त कर एसडीएम को रिपोर्ट भेज दी गयी। जांच भी वहीं से होगी।
एक सिपाही द्वारा अपना थाना छोड़कर मड़िहान पहुंचने की जानकारी होने पर उच्चाधिकारियों ने सिपाही को रोकवा लिया। मड़िहान पुलिस से सिपाही से पूछताछ कर इसकी रिपोर्ट मांगी। सूत्रों की माने तो सिपाही ने बताया कि वह क्षेत्र से गुजर रहा था तो अंदर चला आया।
एक बोलेरो से चेकिंग के दौरान छह लाख 75 हजार 920 रुपया बरामद हुआ है। पैसे को जब्त कर एसडीएम को जांच के लिए रिपोर्ट भेज दी गई है। जांच में पैसे का सही अभिलेख प्रस्तुत करने पर छोड़ा जाएगा अन्यथा जब्त कर लिया जाएगा। - अमित कुमार, पुलिस अधीक्षक