चुनार। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी बुधवार की सुबह 10.26 बजे चुनार दुर्ग स्थित डाक बंगले से निकलकर रोड के रास्ते अपने पूर्वांचल के चुनावी अभियान कार्यकम के तहत वाराणसी के लिए रवाना हुई। बुधवार को उनका कार्यक्रम पल- पल बदलता रहा।
सुबह से ही महासचिव के नगर के दरगाह शरीफ इलाके में स्थित हजरत बाबा कासिम सुलेमानी की दरगाह पर चादरपोशी व नगर के ही एक लान में कार्यकर्ताओं की आयोजित बैठक की जानकारी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं द्वारा दी गई। कार्यकम के मद्देनजर हजरत बाबा कासिम सुलेमानी की दरगाह पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी एसपीजी के साथ ही स्थानीय पुलिस प्रशासन ने किया था। लेकिन बाद में सांसद प्रत्याशी से कार्यकर्ताओं को यह जानकारी मिली कि लान में होने वाली बैठक स्थगित कर दी गयी है।
महासचिव केवल दरगाह शरीफ चादरपोशी करने जायेगी। कुछ ही देर बाद पुन: डाक बंगले से पार्टी के वरिष्ठ लोगों द्वारा यह बात सामने आयी कि समयाभाव के कारण वह नगर में कही नहीं जाएंगी केवल दुर्ग में मौजूद पार्टी के कार्यकर्ताओं से वह चलते चलते ही मुलाकात करेंगी। डाक बंगले से वह सुबह 10. 15 पर बाहर निकली और पहले डाक बंगले के बाहर मौजूद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मिली। उसके बाद वह आगे बढ़ी जहां घंटों से लाइन में लगकर सैकड़ों कार्यकर्ता उनसे मुलाकात करने के लिए खड़े थे। वह उनके बीच पहुंची और उनका अभिवादन करते हुए आगे बढती रही। किसी तरह लोगों को धक्का मुक्की करते हुए एसपीजी उन्हें कार तक ले गयी और वहां से कांग्रेस महासचिव कार में बैठकर वाराणसी के लिए रवाना हो गई। इस दौरान पूर्व एमएलसी राजेश पति त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष गिरीश त्रिपाठी, ललितेशपति त्रिपाठी, कैलाशनाथ उपाध्याय, दयाशंकर पांडेय, पालिकाध्यक्ष मंसूर अहमद, नगर अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह, सभासद राजू यादव, महेश सेठ, बच्चा गुप्ता आदि प्रमुख मौजूद रहे।