मिर्जापुर। छात्रसंघ चुनाव के मद्देनजर बुधवार को विभिन्न कालेजों में अध्यक्ष, महामंत्री समेत अन्य पदों के लिए 45 उम्मीदवारों ने नामांकन किया। इस क्रम में केबीपीजी कालेज में 19 तथा जीडी बिनानी पीजी कालेज में 15 व कमला आर्य कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 11 उम्मीदवारों ने नामांकन किया। कड़ी सुरक्षा के बीच हुए बुधवार की सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक हुए नामांकन के दौरान केबीपीजी कालेज, जीडी बिनानी कालेज व कमला आर्य कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में प्रत्याशी, एक प्रस्तावक तथा एक समर्थक को ही अंदर जाने की अनुमति प्रदान की गई थी।
केबीपीजी कालेज में अध्यक्ष पद पर तीन दावेदारों में मनीष कुमार तिवारी, रवि यादव व प्रकृति मिश्रा ने नामांकन किया। उपाध्यक्ष पद पर अंकित चौरसिया, गुलशन पाठक व दीपक कुमार, महामंत्री पद के लिए अभिषेक कुमार सिंह व शिवा कुमार पांडेय ने नामांकन किया। इसी तरह पुस्तकालय मंत्री पद पर अमरजीत यादव, गौरव यादव, प्रियांशु बरनवाल व विनय मौर्य, कला संकाय प्रतिनिधि पद हुए आधा दर्जन नामांकन में अभिषेक शर्मा, ऐनुल आबदीन, फरहान खान, रत्नेश, राजेश्वर शर्मा व सत्यम कसेरा ने दावेदारी ठोंकी। विज्ञान संकाय प्रतिनिधि पद के लिए अभिषेक यादव ने जहां नामांकन किया वहीं अंत समय तक शिक्षा संकाय प्रतिनिधि पद के लिए किसी छात्र ने प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन नहीं किया। इस मौके पर चुनाव अधिकारी डा. गौरीशंकर मौजूद रहे। इस दौरान सीओ नगर संजय सिंह, कटरा कोतवाल संतोष सिंह, लालडिग्गी चौकी प्रभारी आदि भारी संख्या में फोर्स मौजूद रही।
उधर जीडी बिनानी पीजी कालेज में हुए नामांकन के दौरान अध्यक्ष समेत विभिन्न पदों के लिए 15 प्रत्याशियों ने अपना नामांकन किया। इसमें अध्यक्ष पद के लिए प्रशांत शुक्ला व शिवपाल यादव, उपाध्यक्ष पद पर दिलीप, सोनू, महामंत्री पद पर आदर्श कुमार, आनंद कुमार यादव व नीतीश सोनकर ने अपना पर्चा जमा किया। पुस्तकालय मंत्री पद पर पवन कुमार, विनोद कुमार तिवारी, कला संकाय प्रतिनिधि पद हेतु दिवाकर गुप्ता, प्रभुनारायण व मनमोहन सिंह व वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि पद हेेतु पंकज गुप्ता, मनीष द्विवेदी व शिवम सिंह यादव ने अपनी उम्मीदवारी पेश की। इसी तरह कमला आर्य कन्या पीजी कालेज में अध्यक्ष समेत विभिन्न पदो पर 11 उम्मीदवारों ने अपनी दावेदारी पेश की। जिसमें नामांकन में अध्यक्ष के लिए तीन, उपाध्यक्ष पद पर तीन, महामंत्री पद पर चार, पुस्तकालय मंत्री पद के लिए दो तथा कोषाध्यक्ष पद के लिए एक छात्रा ने अपने नामांकन किया। इस मौके पर चुनाव अधिकारी नीलम कुमारी मौजूद रहीं।