मिर्जापुर। खरीफ विपणन वर्ष 2018-19 के लिए शासन द्वारा धान का समर्थन मूल्य निर्धारित कर दिया गया है। अपर जिलाधिकारी वित्त व राजस्व व धान खरीद प्रभारी राजित राम प्रजापति ने बताया कि इस बार किसानों को 1750 रुपये प्रति कुंतल सामान्य धान तथा 1770 रुपया प्रति कुंतल ग्रेड ए धान निर्धारित किया गया है। धान क्रय केंद्रों से बिचौलियों को दूर करने के लिए ऑनलाइन पंजीयन कराने वाले किसानों से ही सीधे धान खरीद की जाएगी। रजिस्ट्रेशन कराने वाले किसानों के मोबाइल पर दर्ज मोबाइल नंबर पर सूचना मिलेगी।
एडीएम ने बताया कि धान खरीद में पारदर्शिता के लिए वर्ष 2018-19 में किसानों का ऑनलाइन पंजीयन हो रहा है। धान खरीद के लिए पंजीयन 31 अगस्त 2018 तक चलेगा। धान खरीद एक नवंबर से 28 फरवरी तक खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग के विभिन्न सहकारी समितियों और अन्य धानक्रय संस्थाओं के माध्यम से खरीद होगी। किसान धान विक्रय के लिए किसी भी जन सुविधा केंद्र, साइबर कैफे या स्वयं से ऑनलाइन पंजीयन करा सकते हैं। धान खरीद के लिए किसान ऑनलाइन पंजीयन करा सकते हैं। किसानों का पंजीयन एफसीएस डाट यूपी डाट एनआईसी डाट इन पर करा सकते हैं। किसान पंजीयन का राजस्व विभाग के भूलेख पोर्टल से लिंकेज कराया गया है। पारदर्शिता के लिए किसान अपनी खतौनी का खाता संख्या पंजीयन में दर्ज कर अपने कुल रकबे को एवं बोए गए धान के रकबे को अंकित करेंगे, जिसका सत्यापन संबंधित तहसील द्वारा ऑनलाइन किया जाएगा। किसान बिचौलिए से बचने के लिए ऑनलाइन पंजीयन अवश्य कराए। धान विक्रय के समय पंजीयन कागजात के साथ खतौनी, आधार कार्ड, बैंक के पास बुक के प्रथम पृष्ठ की छाया प्रति अवश्य साथ लाए। एडीएम ने कहा कि धान खरीद के बाद आरटीजीएस के माध्यम से किसानों के खाते में सीधे भुगतान किया जाएगा। राज्य सरकार द्वारा मूल्य समर्थन योजना का लाभ किसानों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।