मिर्जापुर। जिले के 11 परीक्षा केंद्रों पर पहली पाली में हाईस्कूल के विज्ञान विषय की परीक्षा शुरू होते समय बंडल से विज्ञान की जगह हिंदी का प्रश्नपत्र निकलने से हड़कंप मच गया। केंद्र व्यवस्थापकों ने इसकी जानकारी संयुक्त शिक्षा निदेशक कामता राम पाल और जिलाविद्यालय निरीक्षण अवध किशोर सिंह को दी। बाद में इन परीक्षा केंद्रों पर दूसरे केंद्रों से विज्ञान का प्रश्नपत्र भेजा गया। इसके चलते इन केंद्रों पर पचास मिनट विलंब से परीक्षा शुरू हुई। गलती से पहुंचे हिंदी प्रश्नपत्र की परीक्षा छह मार्च को हो चुकी है।
जिले के 11 केेंद्रों पर मंगलवार को पहली पाली में हाईस्कूल के विज्ञान शुरू होते समय जब प्रश्नपत्र का बंडल खोला गया तो उसमें से विज्ञान की जगह हिंदी का प्रश्नपत्र निकला। हिंदी की परीक्षा छह फरवरी को ही हो चुकी है। गलती से केंद्रों पर हिंदी के प्रश्नपत्र का बंडल पहुंच गया था। विज्ञान की जगह हिंदी का प्रश्नपत्र मिलने पर इन परीक्षा केंद्रों पर हड़कंप मच गया। केंद्र व्यवस्थापकों ने इसकी सूचना तत्काल संयुक्त शिक्षा निदेशक और डीआईओएस को दिया। इसके बाद लखनपुर मवैया स्थित आशीर्वाद इंटर कॉलेज, भारतीय उच्चतर विद्यालय लालगंज, राज नारायण इंटर कॉलेज मुड़पेेली हलिया, अनंती देवी इंटर कॉलेज मुडपेली, छानबे ब्लॉक में सूर्यपाल सिंह इंटर कॉलेज सिंधुरिया, बाबू श्रीनाथ इंटर कॉलेज नीबी गहरवार, जनचेतना इंटर कॉलेज राजापुर लहंगपुर, चौधरीराम हरख सिंह इंटर कॉलेज बरगड़ा, त्रिवेणी देवी इंटर कॉलेज कलवारी, सम्राट अशोक इंटर कॉलेज बिहसड़ा और जयदुर्गा इंटर कॉलेज ड्रमंडगंज केंद्र पर अन्य परीक्षा केंद्रों से विज्ञान का पेपर भेजकर परीक्षा कराई गई। इसके चलते इन केंद्रों पर 50 मिनट विलंब सवा आठ बजे से परीक्षा शुरू कराई गई जो 11:35 पर समाप्त हुई। डीआईओएस अवधकिशोर सिंह ने बताया कि जिले के 11 परीक्षा केंद्रों पर भेजे गए प्रश्नपत्र के बंडल से विज्ञान की जगह हिंदी का प्रश्नपत्र निकलने के चलते परीक्षा विलंब से शुरू हुई। गलती से ऐसा हो गया था। बाद में इन परीक्षा केंद्रों पर विज्ञान का प्रश्नपत्र भेज कर परीक्षा कराई गई।
उधर, हाईस्कूल विज्ञान की पहली पाली में हुई परीक्षा के दौरान राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कछवां में सचल दल ने दीपक कुमार बिंद के स्थान पर परीक्षा दे रहे छात्र सतीश कुमार को पकड़ा। इसके अलावा बाबू घनश्याम इंटर कॉलेज सिहावल, मौनी स्वामी इंटर कॉलेज श्रीनिवासधाम और लोक बहादुर मेमोरियल इंटर कॉलेज में एक-एक परीक्षार्थी को नकल करते पकड़ा गया।
वित्त व लेखाधिकारी त्रिभुवन प्रसाद, प्रशासनिक अधिकारी सालिगराम सरोज, आसिफ इकबाल, डा. सुषमा सिंह, स्मृति यादव ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कछवां में हाईस्कूल विज्ञान की परीक्षा के दौरान निरीक्षण किया। इस दौरान परीक्षार्थी शंका होने पर पूछताछ की तो वह घबरा गया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम सतीश बताया। उसने बताया कि दीपक कुमार बिंद के स्थान पर वह परीक्षा दे रहा है। सचल दल ने पकड़े गए छात्र सतीश कुमार को पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़ा गया छात्र अमरावती इंटर कॉलेज ठठरा मिर्जामुराद वाराणसी में पढ़ता है। छात्र ने प्रवेश पत्र पर लगे फोटो को पानी लगाकर धूमिल कर दिया था ताकि वह पहचाना ना जा सके। पकड़े गए छात्र सतीश ने बताया कि दीपक बिंद का कुछ दिन पहले हादसे में घायल होने के कारण परीक्षा देने में असमर्थ था। इसी कारण पहले दिन आकर राजकीय बालिका इंटर कालेज की प्रधानाचार्या उर्मिला देवी से पूछा था लेकिन उन्होंने दूसरे की जगह परीक्षा देने से मना कर दिया। इसके बाद भी वह बगैर किसी अनुमति के वह दीपक की जगह पर परीक्षा दे रहा था।
हाईस्कूल विज्ञान की परीक्षा में 6317 छात्र अनुपस्थित रहे। जिला विद्यालय निरीक्षक अवध किशोर सिंह ने बताया कि हाईस्कूल विज्ञान की परीक्षा में पंजीकृत 45269 में से 38952 परीक्षार्थी शामिल हुए, जबकि 6317 छात्रों ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं पहली पाली में इंटरमीडिएट में फल संरक्षण, बैंकिंग आदि परीक्षा में पंजीकृत 802 में से 765 परीक्षार्थी शामिल हुए। इसमें 37 ने परीक्षा छोड़ दी। पहली पाली में हाईस्कूल व इंटर की परीक्षा में कुल 6354 विद्यार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।