जिगना। बघेडा खुर्द व बघेड़ा कला के बीच कर्णावती नदी पर पुल नहीं होने से ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वर्षा के दिनों में तो लोगों का बाजार, स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र आदि से संपर्क टूट जाता है। स्थानीय लोगों ने पुल बनवाने की मांग किया है।
विकास खंड छानबे के ग्राम पंचायत बघेड़ा कला में नदी के किनारे तक सड़क बनी है और बघेड़ा खुर्द में प्राथमिक विद्यालय के पास तक सड़क है। ग्रामीणों को उम्मीद थी की दोनों गांव की सड़क को जोड़ने के लिए कर्णावती नदी पर एक पुल भी बनाया जाएगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ। कर्णावती नदी में वर्ष 1992 में तत्कालीन ग्राम प्रधान शिवलखन उपाध्याय ने एक पुलिया बनवाई थी, जिससे पैदल और दुपहिया वाहन सवार निकलते थे। वह पुलिया जर्जर हो चुकी है और वर्षा के दिनों में डूब जाएगी। जर्जर होने के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। बघेड़ा खुर्द में तीन इंटर कॉलेज, एक डिग्री कॉलेज व एक बीटीसी स्कूल संचालित है जहां प्रति दिन छात्रों का आवागमन होता रहता है। वर्षा के समय छात्रों का स्कूल आना बंद हो जाता है। क्षेत्रीय नागरिकों द्वारा कई बार कर्णावती नदी पर पुल बनवाने की मांग किया, लेकिन आश्वासन कही अब तक मिला है। ग्राम प्रधान विजय पांडेय, बलराम जायसवाल, संग्राम बिंद, विन्ध्यवासिनी प्रसाद, सभाशंकर मिश्र, देवी शंकर शुक्ल, माता हर्ष तिवारी, मुन्नन तिवारी, लालमणि मिश्रा, लाल मिश्र, राज मिश्र, वंशीधर तिवारी आदि ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए बघेडा खुर्द व बघेड़ा कला के मध्य कर्णावती नदी पर पुल बनवाने की मांग की है।