मिर्जापुर। देहात कोतवाली क्षेत्र के भरूहना चौराहे के पास शुक्लहा बस्ती में जाने वाले सड़क के मोड़ के पर गुुरुवार की दोपहर साढ़े 11 बजे बाइक सवार बदमाशों ने बैंक से रुपया निकाल कर जा रहे पेट्रोल पंप के एक कर्मचारी से चार लाख 28 हजार रुपया लूट लिया। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर देहात कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन कर भुक्तभोगी से घटना के बारे में पूरी जानकारी ली। पंप मालिक की तहरीर पर पुलिस अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश में जुट गई है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के चंदईपुर गांव निवासी शत्रुघ्न कुमार पिछले कई वर्षों से भरूहना स्थित मुकुंद अग्रवाल के अग्रवाल पेट्रोल पंप पर सेल्समैन है। गुरुवार को मुकुंद अग्रवाल ने शत्रुघ्न को कर्मचारियों का मानदेय देने के लिए बैंक से पैसा निकाल कर लाने को कहा। शत्रुघ्न सुबह करीब साढ़े दस बजे बाइक लेकर डंकीनगंज स्थित एचडीएफसी बैंक से दो लाख 28 हजार निकाल कर रमईपट्टी स्थित पंजाब नेशनल बैंक से बाकी पैसा निकालने पहुंचा। वहां से वह दो लाख रुपया निकाल कर पंप पर जाने लगा। दोपहर में बीजेपी और बसपा समेत अन्य पार्टियों के प्रत्याशियों द्वारा नामांकन करने के चलते पूरा नगर जाम होने पर शत्रुघ्न शार्ट कट रास्ता अपनाते हुए पुलिस लाइन होते हुए आवास विकास पहुंचा। वहां अनगढ़ रोड मोड़ के पास शुक्लहा बस्ती से जीडी बिनानी कॉलेज के सामने निकलने वाला रास्ता पकड़ कर आ रहा था। जैसे ही जीडी बिनानी कॉलेज के सामने पहुंचा कि पीछे से आ रहे काले रंग की हीरो होंडा बाइक सवार बदमाशों ने उसके बाइक में टक्कर मार दिया। जिससे शत्रुघ्न अनियंत्रित होकर बाइक लेकर गिर पड़ा। उसके गिरते ही एक बदमाश नीचे उतरा और उसको पकड़ लिया जबकि दूसरे ने उसकी बाइक की चाभी लेकर डिग्गी को खोल कर उसमें मौजूद चार लाख 28 हजार रुपया लूटते हुए फरार हो गए। शोरगुल करने पर आसपास के लोग पहुंचे तब तक बदमाश भाग चुके थे।
-----------
भरूहना के पास एक पंप कर्मी की बाइक की डिग्गी से बाइक सवारों द्वारा चार लाख 28 हजार रुपया चोरी करने का मामला प्रकाश में आया है। घटना की तहरीर मिल गई है। छानबीन की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। -बृजेश तिवारी सीओ सदर