मिर्जापुर। नगर पालिका परिषद में रिश्वत लेने वाले लिपिक को निलंबित कर दिया गया है। उसका सोमवार को रिश्वत लेते हुए वीडियो वायरल हो गया था। इस पर नपाध्यक्ष मनोज जायसवाल ने उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए तीन सदस्यीय जांच कमेटी बैठा दी है, जो इस प्रकरण की जांच करेगी।
नपाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या लिपिक को दोषी पाते हुए यह कार्रवाई की गई है। जलकल अभियंता रविकर सिंह पटेल की अध्यक्षता में बनी समिति में अवर अभियंता सुनील कुमार मौर्य व कर अधीक्षक अनिल जायसवाल सदस्य हैं। उनसे कहा गया है कि वे निष्पक्ष जांच कर अपनी आख्या अधिशासी अधिकारी के माध्यम से नपाध्यक्ष को प्रेषित करेंगे। इस बीच संबंधित लिपिक के कार्यों का निर्वहन लिपिक ललिता सिंह अपने कार्यों के साथ करेंगी।