मिर्जापुर। घंटाघर स्थित नगर पालिका परिषद के मुख्य कार्यालय के सभागार में सोमवार को बोर्ड की बैठक में सभासदों को 14 वें वित्त के पांच करोड़ एक लाख रुपये के बजट के जारी होने की सूचना दी गई। सभासदों से कहा गया कि वे अपने क्षेत्र के विकास कार्यों के बारे में प्रस्ताव बनाकर दें।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने कहा कि शासन ने विकास कार्यों के लिए पांच करोड़ एक लाख रुपये का बजट जारी किया है। इससे नगर के 38 वार्डों का विकास कार्य किया जाएगा। संबंधित सभासद इसके लिए कार्ययोजना बना लें। जहां पर नाली, खड़ंजा या इस प्रकार का कोई कार्य अवशेष है या इस प्रकार की कोई समस्या है। तो इस मद से उसे कराया जा सके। उन्होंने कहा कि सभी सभासद इस संबंध में अपना प्रस्ताव शीघ्र ही दे दें ताकि एक विस्तृत कार्य योजना(डीपीआर) बनाकर जिलाधिकारी के पास स्वीकृति के लिए भेजा जा सके। उनकी अनुमति के बाद ही कार्य प्रारंभ शुरू हो सकेगा। कई सभासदों ने कार्य की प्रवृत्ति के बारे में जानकारी चाही तो अधिशासी अधिकारी ने उनको पूरी जानकारी दी। इसके साथ ही एजेंडा से हटकर भी कई बिंदुओं पर चर्चा की गई। अंतत: सर्वसम्मति से प्रस्ताव को पारित किया गया। संचालन अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार ने किया। बैठक में अधिकांश सभासद उपस्थित रहे।