राजगढ़। मड़िहान थाना क्षेत्र के लूसा रेलवे स्टेशन से चार किमी पूर्व में मंगलवार की सुबह धनसिरिया गांव से गुजरी रेलवे ट्रैक के पोल संख्या 198/8 के पास युवक का पैर कटा शव मिला। ग्रामीणों ने शव की शिनाख्त कर परिजनों और पुलिस को सूचना दिया। मृतक का शव रेलवे ट्रैक पर मिलने को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चा है। परिजन को भी नहीं पता कि वह घर से रात में कब निकले।
क्षेत्र के धनसिरिया गांव निवासी 35 वर्षीय कमलेश पुत्र स्व. शारदा का नदिहार मार्ग पर किसान इंटर कॉलेज के सामने किराना की दुकान है। दो जून को उसके छोटे भाई की शादी थी। सोमवार रात वह भोजन करके घर से कब निकला किसी को पता नहीं चला। मंगलवार की सुबह ग्रामीणों ने रेलवे ट्रैक पर शव पड़ा देखकर उसकी शिनाख्त कर ग्राम प्रधान धनसिरिया अखिलेश्वर सिंह को सूचना दिया। ग्राम प्रधान ने घटना की जानकारी परिजनों और मड़िहान पुलिस को दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पत्नी व उसके बच्चों का रो-रो कर हाल है। लूसा स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि चोपन से चुनार जा रही मालगाड़ी की चपेट में आने से सोमवार की रात युवक की मौत हुई।