ड्रमंडगंज। बरौधा चौकी क्षेत्र के रीवां-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेलन नहर पुल के पास मंगलवार की दोपहर ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान डाक्टर ने पति को मृत घोषित कर दिया। घायल महिला को उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां देर शाम महिला की भी मौत हो गई। बाइक चलाते वक्त युवक ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था।
हलिया थाना क्षेत्र के बंजारी कला निवासी 28 वर्षीय उमाकांत कोल पुत्र तिलकधारी कोल अपनी पत्नी 25 वर्षीय रीता के साथ बाइक पर बैठकर लालगंज थाना क्षेत्र के लालापुर गांव स्थित रिश्तेदारी में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने के लिए जा रहा था। बेलन बरौधा बाजार से कुछ खरीदारी करने के बाद उमाकांत बेलन नहर मार्ग से चलकर जैसे ही राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित बेलन नदी के पुल पर पहुंचा था। तभी लालगंज की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक में टक्कर मार दिया। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को स्थानीय निजी अस्पताल में ले जाया गया। जहां से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज भेजा गया। जहां उपचार के दौरान डाक्टर ने उमाकांत को मृत घोषित कर दिया और गंभीर रूप से घायल रीता को मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां देर शाम इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।