ड्रमंडगंज। एमपी से यूपी की ओर आ रहा एक ट्रक रविवार की सुबह पांच बजे रीवा-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ड्रमंडगंज घाटी में चुनहवा मोड़ के पास अनियंत्रित होकर दो सौ फीट गहरी खाई में गिर गया। खाई में गिरने के बाद उसमें आग लग गई। इससे उसमें लदा सारा सामान जलकर राख हो गया। हालांकि दुर्घटना से पहले ही चालक व खलासी ट्रक से उतर चुके थे, इस कारण बाल-बाल बच गए। तमाम कोशिशों के बावजूद रास्ता न होने के कारण पानी का टैंकर लेकर मौके पर बचाव के लिए पहुंची पुलिस आग नहीं बुझा सकी।
देहात कोतवाली क्षेत्र के पहाड़ी गांव निवासी चालक विनोद सोनकर मध्यप्रदेश के कटनी शहर से ट्रक पर अरहर की दाल लादकर रामनगर वाराणसी जाने के लिए चला था। रविवार की सुबह चालक ट्रक लेकर ड्रमंडगंज घाटी में पहुंचा तो चुनहवा मोड़ के पास इंजन खराब हो गया। ट्रक को वहीं खड़ा कर चालक नीचे उतरकर इंजन में आई खराबी की जांच कर रहा था। तभी ट्रक का गीयर छूट गया और ट्रक खाई में गिर गया। खाई में गिरते ही ट्रक में आग लग गई। घना जंगल होने के कारण गहरी खाई में गिरकर जल रहे ट्रक वाली जगह तक पहुंच पाना कठिन था। ऐसे में सूचना मिलने पर पानी की व्यवस्था कर मौके पर पुलिस पहुंची। पर उसे आग बुझाने में कामयाबी नहीं मिली। चौकी प्रभारी ने बताया कि आग बुझाने के लिए दो टैंकर पानी उपलब्ध हो गया था,पर गहरी खाई में जल रहे ट्रक तक पानी की पहुंच संभव नहीं हो पाया। ट्रक जलने से उसमें लदी अरहर की दाल भी जल गई।